Noida News: दिल्लीNCR में लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर में भी सख्ती शुरू कर दी गई है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लागू किया गया है. इसके तहत BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी. इसके अलावा पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा.

BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल वाहनों पर रोक
दिल्लीNCR में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है. इसे देखते हुए प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए गौतम बुद्ध नगर यातायात पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं. डीसीपी यातायात सैयद अली अब्बास के मुताबिक, BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है. ऐसे वाहन प्रतिबंध के दौरान सड़कों पर चलते पाए गए तो उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधों का पालन करें और अपने वाहनों से जुड़े जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखें. खासतौर पर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की वैधता जरूर जांच लें.
पुराने डीजलपेट्रोल वाहन भी नहीं चल सकेंगे
यातायात पुलिस के मुताबिक, 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल और 15 साल से ज्यादा पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर भी रोक लागू रहेगी. ऐसे वाहन सड़कों पर चलते हुए मिले तो उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी सख्ती की जाएगी. खासतौर पर खुले में बालू, रेत और अन्य निर्माण सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा. इसका मकसद सड़कों पर धूल उड़ने और निर्माण सामग्री के कारण फैलने वाले प्रदूषण को रोकना है.
CCTV और कमांड सेंटर से होगी निगरानी
प्रदूषण नियंत्रण के लिए शहर के अलगअलग इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी. कमांड कंट्रोल सेंटर के जरिए सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की मदद से वाहनों पर नजर रखी जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
डीसीपी यातायात ने लोगों से अपील की है कि वे जाम वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. लाल बत्ती पर रुकने के दौरान इंजन बंद रखने की भी सलाह दी गई है. प्रशासन का कहना है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए आम लोगों का सहयोग जरूरी है. ऐसे में वाहन चालक नियमों का पालन करें, ताकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा को साफ रखने में मदद मिल सके.



