BusinessIndia

​शेयर बाजार पर फिर मेहरबान हुए विदेशी निवेशक, 9 दिन में लगाए 53,739 करोड़ रुपए

विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर पैसा लगाना शुरू कर दिया है. सितंबर और अक्टूबर में लगातार बिकवाली करने के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने नवंबर के शुरुआती नौ दिनों में ही भारतीय शेयर बाजार में 53,739 करोड़ रुपए का निवेश किया है. विदेशी निवेशकों की इस वापसी के पीछे घरेलू कंपनियों का अच्छा प्रदर्शन, बड़ी कंपनियों के शेयरों की आकर्षक कीमत और दुनिया के दूसरे बाजारों में एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट को प्रमुख वजह माना जा रहा है.

​शेयर बाजार पर फिर मेहरबान हुए विदेशी निवेशक, 9 दिन में लगाए 53,739 करोड़ रुपए

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने 2 से 9 नवंबर के बीच 6 कारोबारी दिनों में भारतीय शेयरों में कुल 53,739 करोड़ रुपए का निवेश किया. इससे पहले अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से 34,843 करोड़ रुपए और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपए निकाल लिए थे. यानी लगातार दो महीने तक बिकवाली करने के बाद नवंबर में विदेशी निवेशकों का रुख बदल गया है. हालांकि, नवंबर में हुई इस खरीदारी के बावजूद 2026 में अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से कुल 2.41 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं. ऐसे में नवंबर का निवेश बाजार के लिए राहत की खबर जरूर है, लेकिन पूरे साल के आंकड़े अभी भी विदेशी निवेशकों की बड़ी निकासी दिखाते हैं.

इस वजह से बदला निवेशकों का रुख

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के मुताबिक, विदेशी निवेशकों के रुख में अचानक आए बदलाव की एक बड़ी वजह अमेरिका और दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा जापान जैसे बाजारों में एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट है. दरअसल, अमेरिका में डेटा सेंटर बनाने और एआई से जुड़ी तकनीक पर बहुत ज्यादा पैसा खर्च किए जाने को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं. इसके अलावा, अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने डेटा सेंटर पर बिना नियंत्रण के खर्च और एआई सेक्टर के लिए नियमों की जरूरत को लेकर सवाल उठाए हैं. इससे एआई कंपनियों के शेयरों पर दबाव बढ़ा है.

इन सेक्टर में आया ज्यादा निवेश

विशेषज्ञों का मानना है कि एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट के कारण विदेशी निवेशक अब दूसरे बाजारों में निवेश के अवसर तलाश रहे हैं. भारत को एआई सेक्टर से अलग निवेश के एक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. इसके साथ ही भारतीय कंपनियों की अच्छी कमाई और बड़ी कंपनियों के शेयरों का उचित मूल्य भी विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रहा है. नवंबर में विदेशी निवेशकों ने खासतौर पर वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी , ऑटोमोबाइल और दूरसंचार क्षेत्र की बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply