BusinessIndia

​शेयर बाजार में आया पैसों का तूफान! सेंसेक्स में 1400 अंकों का उछाल निवेशकों ने कमाए 7.29 लाख करोड़

तिमाही नतीजों में अच्छी कमाई के संकेत, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर के मुकाबले में रुपए में उछाल और विदेशी निवेशकों की वापसी ने एक बार फिर से शेयर बाजार में पंख लगा दिए हैं. कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स में 1400 से ज्यादा अंकों का उछाल देखने को मिला है. जिसकी वजह से सेंसेक्स 82,500 अंकों के पार जाता हुआ दिखाई दिया. वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख सूचकांक निफ्टी में करीब 380 अंकों का उछाल देखने को मिला. इस तेजी की वजह से शेयर बाजार निवेशकों को 7.29 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है.

​शेयर बाजार में आया पैसों का तूफान! सेंसेक्स में 1400 अंकों का उछाल निवेशकों ने कमाए 7.29 लाख करोड़

खास बात तो ये है कि दिवाली से जिस तरह की तूफानी तेजी शेयर बाजार में देखी गई. उस तेजी को अभी तक शेयर बाजार ने छोड़ा नहीं है. दिवाली के दिन स्पेशल ट्रेडिंग और सोमवार को माहौल थोड़ा हल्का जरूर था, लेकिन ये बात जरूर ध्यान रखनी होगी कि दोनों की दिनों में शुरुआत अच्छी देखने को मिली थी. उसके बाद मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में काफी गिरावट देखी गई. जिसका फायदा शेयर बाजार को बुधवार को मिलता हुआ दिखाई दे रहा है. वहीं दूसरी ट्रंप ने ईरान पर दोबारा हमला करने से इनकार किया है. ऐसे में आने वाले दिनों में जियो पॉलिटिकल टेंशन कम रहने की संभावना है. जिसका असर भी शेयर बाजार में देखा जा रहा है.

शेयर बाजार में तूफानी तेजी

शेयर बाजार में दिवाली के बाद भी तूफानी तेजी देखने को मिल रही है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सत्र के दौरान 1,413.75 अंकों की तेजी के साथ 82,520.40 अंकों पर दिखाई दिया. वैसे सेंसेक्स की शुरुआत 82,248.68 अंकों पर हुई थी और 81,969.91 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी दिखाई दिया. सेंसेक्स सोमवार को 81,106.65 अंकों पर बंद हुआ था. वैसे 11 बजकर 55 मिनट पर सेंसेक्स 1261 अंकों की तेजी के साथ 81,106.65 अंकों पर कारोबार कर रहा था.

वहीं निफ्टी की बात करें तो जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी करीब 380 अंकों की तेजी के साथ 25,424.35 अंकों पर पहुंच गया. वैसे दोपकर 11 बजकर 55 मिनट पर 328 अंकों की तेजी के साथ 25,381.20 अंकों पर कारोबार कर रहा है. वैसे निफ्टी 25,337.80 अंकों पर ओपन हुआ था और 25,263.80 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी दिखाई दिया. दिवाली से पहले हफ्ते में निफ्टी में करीब 8 फीसदी की तेजी देखने को मिली थी.

शेयर बाजार में इन कारणों से आई तेजी

FII की खरीदारी जारी है

इस महीने अब तक FII की लगातार खरीदारी ने बाजार के सेंटीमेंट को बेहतर किया है. इससे पहले, इस साल की शुरुआत में हुई भारी बिकवाली ने निवेशकों को डरा दिया था और बाजार को हिला कर रख दिया था. NSE के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को बाजार में छुट्टी होने से पहले, सोमवार को विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों के ‘नेट बायर’ बने रहे और उन्होंने 7,212 करोड़ रुपए से अधिक के शेयर खरीदे. कुल मिलाकर, नवंबर में अब तक हर दिन FII दलाल स्ट्रीट पर ‘नेट बायर’ रहे हैं. सोमवार को लगातार सातवें सत्र में भी यह ट्रेंड जारी रहा. अक्टूबर के मध्य से अब तक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 8.2 अरब डॉलर का निवेश किया है, जिसमें से 5.8 अरब डॉलर का निवेश तो नवंबर के केवल छह कारोबारी सत्रों में ही हुआ है. यह निवेश एक बड़ा बदलाव दिखाता है, क्योंकि 2026 के पहले 10 महीनों में FII ने भारतीय शेयरों से लगभग 31 अरब डॉलर निकाल लिए थे.

Q2 के मजबूत नतीजे

विश्लेषकों का मानना ​​है कि भारतीय कंपनियों के Q2 के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं, जो बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत करने वाला एक और बड़ा फैक्टर है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि Q2 में निफ्टी 50 की कंपनियों की कमाई में लगभग 24% की बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले 12 तिमाहियों में सबसे ज्यादा है. इससे निफ्टी 50 का फॉरवर्ड PE भी उचित स्तर पर आ गया है. चालू वित्त वर्ष की जुलाईसितंबर तिमाही के दौरान, लगभग 181 कंपनियों ने पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में अपने नेट प्रॉफिट को कम से कम दोगुना कर लिया है. ‘एस इक्विटी’ द्वारा संकलित तिमाही नतीजों के आंकड़ों से पता चलता है कि बैंकिंग, मेटल, फार्मास्यूटिकल्स, एनर्जी, कंज्यूमर बिजनेस और इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों की कंपनियों ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 100 फीसदी से अधिक की सालाना प्रॉफिट ग्रोथ दर्ज की है.

रुपया मजबूत हुआ

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 0.2% की बढ़त के साथ 93.72 पर खुला, जबकि पिछली बार यह 93.9275 पर बंद हुआ था. वित्त वर्ष 2027 में भारतीय रुपया एशिया की सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में से एक बन गया है. AI से जुड़े निवेशों के मामले में, भारत एक ‘नेचुरल हेज’ के रूप में उभरा है. इससे दक्षिण कोरियाई वॉन और चीनी रेनमिनबी के मुकाबले भारतीय रुपए को मजबूती मिली है, जबकि इन दोनों करेंसी को AIबेस्ड निवेशों से फायदा मिलने की उम्मीद थी. विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में हाल के हाई लेवल से लगभग 20% की गिरावट का भी भारत को फायदा मिला है. इससे रुपया तेजी से ऊपर आया है, जबकि वित्त वर्ष 2027 की पहली दो तिमाहियों में यह डॉलर के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन करने वाली करेंसीज की सूची में शामिल था.

तेल की कीमतों में नरमी

आज तेल की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, लेकिन ये इस साल अब तक देखे गए 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर के स्तरों की तुलना में काफी कम हैं. यह नरमी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके अनुसार ईरान के साथ युद्ध “लगभग खत्म हो चुका है.” सोमवार को कतर के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि “सैन्य रूप से ईरान लगभग खत्म हो चुका है. हम बस यथास्थिति बनाए हुए हैं.” अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि ईरान की ताकत को “पूरी तरह कुचल” दिया गया है, लेकिन वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बेअसर करने के लिए कोई दीर्घकालिक समाधान निकले. ट्रंप ने कहा कि सैन्य कार्रवाई बहुत जरूरी नहीं लगती, लेकिन हम पूरी तरह तैयार हैं और अगर हालात बदलते हैं, तो हम कदम उठाने के लिए तैयार हैं.

आगे कैसा रह सकता है शेयर बाजार?

इस महीने के सिर्फ छह कारोबारी दिनों में निफ्टी 50 में करीब 9 फीसदी की तेजी आई है. इस तेजी की मुख्य वजह FII द्वारा इस महीने अब तक की गई 53,170 करोड़ रुपए की भारी खरीदारी है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि बाजार के माहौल में यह बड़ा बदलाव भारत के लिए मिले पॉजिटिव ग्लोबल इंडीकेटर्स की वजह से आया है. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इस तेजी को असली आधार उम्मीद से बेहतर रहे Q2 के नतीजों से मिला है.

विजयकुमार ने कहा कि भारतीय बाजार के लिए बने इस नए अनुकूल माहौल को देखते हुए, FII की खरीदारी जारी रहने की संभावना है. इससे बैंकिंग/फाइनेंशियल, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, और चुनिंदा ऑटो व फार्मा कंपनियों के प्रमुख शेयरों को मजबूती मिलेगी. इस तेजी में अभी और दम बाकी है, और इसकी अगुवाई एक बार फिर लार्जकैप शेयर करेंगे.

विश्लेषक ने आगे कहा कि ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर आना भारत के लिए एक और बड़ी राहत की बात है. वहीं दूसरी ओर, उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका में बढ़ती महंगाई और फेड द्वारा ब्याज दरों में की जाने वाली तय बढ़ोतरी के कारण 10वर्षीय अमेरिकी बॉन्ड यील्ड वापस 5% पर पहुंच गई है. इस वजह से, और DII द्वारा मुनाफावसूली किए जाने से, इस तेजी पर थोड़ा लगाम लग सकता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply