Bijnor Murder: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र से प्रेम संबंधों के दुखद अंत का एक मामला सामने आया है. शादी करने और हर वक्त साथ रहने की जिद से परेशान होकर एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी. आरोपी ने अपराध को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में छिपा दिया था. पुलिस ने तफ्तीश के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है.

अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय ने बताया चांदपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांवड़ी गांव निवासी रेखा ने बीते 8 नवंबर को अपनी 26 वर्षीय बेटी राखी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की और युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, तो जांच का केंद्र उसका प्रेमी विकास बन गया. पुलिस ने जब विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया.
जंगल में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राखी और उसके बीच पिछले करीब डेढ़ साल से संबंध थे. राखी उस पर लगातार शादी करने और साथ रहने का दबाव बना रही थी. इससे परेशान होकर विकास ने इस आपराधिक घटना की साजिश रची. आरोपी के मुताबिक, उसने 28 सितंबर को राखी को बवनपुरा के पास जंगल में बुलाया था. वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विकास ने उसकी हत्या कर दी और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को क्षति पहुंचाई.
जंगल से मृतका के अवशेष और कपड़े बरामद
इसके बाद वह शव को जंगल में ही झाड़ियों के बीच छिपाकर फरार हो गया. वारदात के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने आरोपी विकास की निशानदेही पर नहर के पास जंगल से मृतका के अवशेष और कपड़े बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने बरामद अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है. आरोपी विकास के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.



