CrimeIndiaTrending

लोहरदगा में​​ कुएं से मिला लापता युवक का शव, जमीन विवाद के पीछे छिपा हैरान करने वाला शक

लोहरदगा में​​ कुएं से मिला लापता युवक का शव, जमीन विवाद के पीछे छिपा हैरान करने वाला शक

लोहरदगा, झारखंड: जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के भड़गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में युवक का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गांव के रहने वाले 37 वर्षीय सुलेमान अंसारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुलेमान अंसारी भड़गांव चौक स्थित एक किराना दुकान में काम करता था। वह रविवार से अचानक लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बुधवार को गांव के ही मंगरा उरांव के कुएं में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

परिजनों ने इस मामले में खानदान के लोगों के साथ लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उनका मानना है कि विवाद के चलते सुलेमान की हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।

बताया गया कि सुलेमान की पत्नी पिछले चार महीने से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। वहीं, रविवार शाम तक उसे गांव में घूमते हुए देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था।

पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

शव मिलने के बाद कुछ ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम करने की बात कही। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात भी कही।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके सामने आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सतर्कता सूचना: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है। हत्या और जमीन विवाद से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply