लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी जगुआर लैंड रोवर अब भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी 2027 में भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेगी. इसमें रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक जैसे मॉडल शामिल होंगे. इसके अलावा कंपनी अगले साल नई जगुआर जीटी भी पेश करेगी.

जेएलआर इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ राजन अंबा ने कहा कि कंपनी भारत को अपने लिए एक बड़े और तेजी से बढ़ते बाजार के रूप में देख रही है. इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारत में उतरने का यह सही समय है. उनके मुताबिक, आने वाला समय इलेक्ट्रिक वाहनों का है. फिलहाल जेएलआर के भारतीय पोर्टफोलियो में कोई इलेक्ट्रिक कार नहीं है. हालांकि, पिछले एक साल में भारत में प्रीमियम और सामान्य, दोनों तरह की इलेक्ट्रिक कारों की मांग बढ़ी है. इससे कंपनी को भी काफी उम्मीदें हैं.
पहले आयात करके बेचेगी इलेक्ट्रिक कारें
कंपनी शुरुआत में अपने इलेक्ट्रिक कार मॉडल विदेश से आयात करके भारत में बेचेगी. इसके जरिए वह यह समझना चाहती है कि भारतीय ग्राहक इन कारों को कितना पसंद करते हैं. कंपनी का मानना है कि इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती लोकप्रियता से उसे भी फायदा मिल सकता है. हालांकि, राजन अंबा ने कहा कि भारतीय बाजार में जेएलआर की इलेक्ट्रिक कारों को कैसी प्रतिक्रिया मिलेगी, इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. इसकी वजह यह है कि कंपनी पहली बार इस सेगमेंट में कदम रखने जा रही है.
चार्जिंग और पुरानी कार की कीमत अब भी चुनौती
जेएलआर के मुताबिक, भारत में इलेक्ट्रिक कारों को अपनाने की रफ्तार बढ़ रही है, लेकिन अभी कुछ चुनौतियां बाकी हैं. इनमें चार्जिंग स्टेशन की कमी और पुरानी इलेक्ट्रिक कार बेचने पर अच्छी कीमत नहीं मिलना प्रमुख हैं. राजन अंबा ने कहा कि ग्राहकों को इलेक्ट्रिक कार खरीदने के लिए चार्जिंग नेटवर्क और रीसेल वैल्यू यानी पुरानी कार की दोबारा बिक्री से मिलने वाली कीमत को लेकर भरोसा देना जरूरी है. हालांकि, इन दोनों क्षेत्रों में धीरेधीरे सुधार हो रहा है.
एक साल में 40 होंगे जेएलआर के रिटेल सेंटर
इलेक्ट्रिक कारों के अलावा कंपनी भारत में अपना कारोबार भी बढ़ाना चाहती है. इसके लिए वह नए रिटेल सेंटर खोलने और ग्राहकों तक अपनी पहुंच मजबूत करने पर काम कर रही है. कंपनी को उम्मीद है कि 2026 के अंत तक उसके रिटेल सेंटर की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी. एक साल पहले यह संख्या 25 थी. भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते का असर भी जेएलआर के कारोबार पर दिखाई देने लगा है.
राजन अंबा के मुताबिक, कुछ मॉडल की कीमतें कम होने के बाद कंपनी ने उनकी मांग में तेजी देखी है. वहीं, डिफेंडर ब्रांड की कारों के स्थानीय स्तर पर निर्माण और असेंबलिंग से कंपनी को ऑर्डर में करीब 20 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद है. उन्होंने साफ किया कि यह अनुमान केवल डिफेंडर ब्रांड के लिए है. कंपनी का कहना है कि स्थानीयकरण से मिलने वाली लागत की बचत का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा.



