बिहार के खगड़िया में एक बार फिर तंत्रमंत्र के चक्कर एक परिवार तबाह हो गया है. यहां लंबे समय से बीमार रहे एक व्यक्ति को झाड़ फूंक पर भरोसा था. जबकि उसकी पत्नी चाहती थी कि अस्पताल में ठीक से इलाज हो. इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. इस दौरान युवक ने गुस्से में आकर कुदाल से काटकर पत्नी की हत्या कर दी. वारदात की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वारदात के बाद खगड़िया समेत आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला अंध विश्वास के परिणाम के रूप में सामने आया है. मामला खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र में संझौती गांव का है. मृत महिला की पहचान इस गांव में रहने वाली उषा देवी पत्नी गजेंद्र राम उर्फ लोधाय के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी.
झाड़ फूंक को अंधविश्वास बताने पर किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी के दिमाग का इलाज चल रहा था, लेकिन वह दवा नहीं खाना चाहता. बल्कि उसकी जगह पर झाड़ फूंक और तंत्र मंत्र कराना चाहता था. उसकी पत्नी ने इसे अंधविश्वास बताकर दवा खिलाने का प्रयास किया तो आरोपी पत्नी से नाराज हो गया. बल्कि इसी बात पर वह आपे से बाहर हो गया. देखते ही देखते उसने घर में रखी कुदाल उठाई और ताबड़तोड़ वारकर पत्नी की हत्या कर दी.
आरोपी अरेस्ट, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में वारदात को कबूल लिया है. उधर, पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है. अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी सामने आई है. उसे अरेस्ट कर मामले की जांच तेज कर दी गई है.



