Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित जगदंबा नगर में बुधवार शाम हुई सनसनीखेज गैंगवार ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है. बदमाशों ने बीच सड़क हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की महज 45 सेकंड के भीतर कुल्हाड़ी, सरियों और पत्थरों से 17 वार कर निर्मम हत्या कर दी. इस खौफनाक वारदात का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कत्ल के इस मामले के बाद अब हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की आपराधिक कुंडली, उसके रौब जमाने के खौफनाक तरीकों की पूरी कहानी सामने आई है.

विजय बाजिया जयपुर के जोबनेर स्थित खिजूरियावास गांव की बाजिया की ढाणी का रहने वाला था. वो पिछले करीब 10 सालों से अपराध जगत में सक्रिय था और कई गैंग्स के संपर्क में था. जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में उसके खिलाफ कुल 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या के 2 मामले भी शामिल हैं. वह हत्या के ही एक केस में पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था. पुलिस ने वर्ष 2024 में उसे हिस्ट्रीशीटर घोषित किया था.
विजय ने कालवाड़ रोड स्थित रॉयल सिटी चौराहे के पास प्रॉपर्टी की दुकान खोल रखी थी. वह मुख्य रूप से विवादित जमीनों को खाली कराने और कब्जा दिलाने का काम करता था, जिसके चलते उसकी कई लोगों से दुश्मनी चल रही थी. हाल ही में वह खिजूरियावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. इसके लिए उसने दशहरा पर्व का आयोजन भी कराया और इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे, लेकिन आपराधिक छवि के कारण गांव वालों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने से रोक दिया.
‘302’ नंबर की फॉर्च्यूनर का खौफ और उसका खौफनाक डायलॉग
विजय ने अपनी फॉर्च्यूनर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ14UQ0302 ले रखा था. चूंकि भारतीय दंड संहिता में धारा 302 हत्या की सजा से जुड़ी है, इसलिए उसने खौफ पैदा करने के लिए यह खास नंबर चुना था. जब भी वह किसी विवादित प्रॉपर्टी पर जाता, तो गाड़ी का यह नंबर दिखाकर सामने वाले को डराता था. प्रॉपर्टी विवादों के दौरान लोगों पर दबाव बनाने के लिए वह अपने पुराने हत्या के मामलों की धौंस दिखाता था. वह अक्सर लोगों से कहता था “दो हत्या कर चुका हूं, तीसरी भी कर दूंगा. मेरा क्या बिगाड़ लोगे, मुझे फांसी तो होगी नहीं.”
कैसे रची गई और अंजाम दी गई हत्या की वारदात?
गांव में शराब ठेके और प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा
बुधवार दोपहर को विजय का अपने गांव में प्रॉपर्टी और शराब ठेके के विवाद को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था, जहां उसने उन्हें धमकियां दी थीं. इसके बाद वह अकेला अपनी फॉर्च्यूनर कार से जयपुर के लिए निकला.
कैंपर और कार में सवार बदमाशों ने की घेराबंदी
गांव से निकलते ही दो गाड़ियों में सवार हथियारबंद बदमाश उसके पीछे लग गए. हमलावरों ने करीब 30 किलोमीटर तक उसकी कार का पीछा किया.
रास्ता बदलते ही कैंपर से मारी जोरदार टक्कर
शाम करीब 7 बजे रावण गेट स्थित जगदंबा नगर में अपने घर के पास पहुंचते ही विजय को पीछे आ रहे हमलावर दिख गए. बचने के लिए उसने खीलवट मार्ग की ओर गाड़ी मोड़ी, लेकिन शाम 7:15 बजे बदमाशों ने कैंपर से उसकी फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मारकर रोक दिया.
100 मीटर दौड़ाकर कुल्हाड़ी और सरियों से किया कत्ल
टक्कर के बाद विजय ड्राइवर के बगल वाली खिड़की से निकलकर भागा, लेकिन 56 हथियारबंद बदमाशों ने सड़क पर 100 मीटर तक दौड़ाकर उसे घेर लिया. हमलावरों ने महज 45 सेकंड में कुल्हाड़ी, सरियों, लाठी और पत्थरों से 17 ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका सिर, जबड़ा, आंख और हाथ बुरी तरह कट गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई
सरेआम हो रहे इस हमले को देखकर स्थानीय लोग सहम गए. लोगों ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की और हमलावरों की गाड़ियों के नंबर नोट करने व चाबियां निकालने की बात भी कही, लेकिन बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए. कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब वायरल है. करधनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विजय को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रॉपर्टी और शराब ठेके की पुरानी रंजिश सामने आई है. जयपुर में नाकाबंदी कर जोबनेर और आसपास के इलाकों में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें दबिश दे रही हैं.



