इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, धनतेरसदीवाली के दौरान ऊंची कीमतों के बावजूद भारतीयों ने कीमती धातुओं की खरीदारी बढ़ाई. पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में सोने की खरीदारी में 30% और चांदी की मांग में 10% की वृद्धि हुई. ज्वैलर्स का कहना है कि यह आने वाले शादीब्याह के अहम सीजन से पहले मांग में तेजी का संकेत है. इंडस्ट्री बॉडी के मुताबिक, इस साल धनतेरसदीवाली के दौरान ग्राहकों ने 72,000 करोड़ रुपए मूल्य का 52 टन सोना और 5,400 करोड़ रुपए मूल्य की 300 टन चांदी खरीदी. सोने की कीमतों में आई गिरावट जो अपने उच्चतम स्तर लगभग 1.8 लाख रुपए से घटकर 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई ने खरीदारों को वापस बाजार में आने के लिए प्रोत्साहित किया. नवंबर के मिड से मार्च तक चलने वाले शादीब्याह के सीजन के लिए की गई एडवांस खरीदारी ने भी इस बढ़ोतरी में योगदान दिया.

अच्छा हुआ कारोबार
IBJA के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि इस साल धनतेरस और दीवाली पर ज्वैलर्स का कारोबार अच्छा रहा है. उन्होंने बताया कि बाजार में मांग दबी हुई थी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोने न खरीदने की अपील के बाद कई ग्राहकों ने खरीदारी रोक दी थी. ग्राहक कीमती धातुओं से दूर हो गए थे. लेकिन अब कीमतें कम हो गई हैं और ब्रेंट क्रूड की कीमतों में गिरावट के कारण इनके फिर से बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोग सोना खरीदने के लिए बाहर निकले हैं. असल में, खरीदारी अभी भी जारी है. त्योहारों का समय भी खरीदारी के लिए अनुकूल रहा. धनतेरस 6 नवंबर को और दीवाली 8 नवंबर को पड़ी. यह महीने की शुरुआत का समय था, जब ज्यादातर वेतनभोगी लोगों को उनकी सैलरी और फेस्टिव बोनस मिलता है.
कुछ सालों में सोने अच्छा रिटर्न दिया है
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकडे ने कहा कि इससे बाजार में कैश फ्लो अच्छा रहा, जिससे कस्टमर्स ने उत्साह के साथ खरीदारी की. पिछले चार से छह महीनों में सोने की कीमतें भी अपेक्षाकृत कम रहीं, जिससे लोगों की खरीदारी की भावना और बेहतर हुई. इस वित्त वर्ष में सितंबर तक, कीमतों और आयात शुल्क में बढ़ोतरी तथा पीएम मोदी की सोने की खरीदारी से बचने की अपील के कारण, सोने की बिक्री में लगभग 50 फीसदी की गिरावट आई थी. पिछले कुछ वर्षों में सोने ने काफी अच्छा रिटर्न दिया है. 2023 में इसकी कीमत लगभग 60,000 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो 2024 में बढ़कर 80,000 रुपए, 2025 में 1.151.20 लाख रुपए और इस साल धनतेरसदीवाली के दौरान लगभग 1.42 लाख रुपए तक पहुंच गई. चांदी की कीमतों में भी काफी उछाल आया है.
दशक की तीसरी सबसे बड़ी खरीदारी
बेंगलुरु स्थित ‘सी कृष्णैया चेट्टी ज्वेलर्स’ के पिछले आठ वर्षों के कारोबार का विश्लेषण बताता है कि इस त्योहारी सीजन में सोने की बिक्री पिछले एक दशक में तीसरी सबसे अधिक रही. यह तब हुआ है जब सोने की कीमतें एक साल पहले की तुलना में लगभग 10 फीसदी अधिक थीं. ‘सी कृष्णैया चेट्टी ज्वेलर्स’ के निदेशक सी विनोद हयाग्रीव ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि ग्राहकों का भरोसा सोने के आभूषणों पर अभी भी कायम है. पिछले 12 महीनों में कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद, ग्राहकों ने सोने में अपना विश्वास बनाए रखा है.
नेचुरल डायमंड्स की सेल में उछाल
प्राकृतिक हीरों की बिक्री में भी मजबूती दिखी है, जो पिछले आठ वर्षों में दूसरी सबसे अधिक रही. रिटेलर के अनुसार, धनतेरस पर प्राकृतिक हीरों की बिक्री में 250% और दीवाली के दौरान 47% की वृद्धि दर्ज की गई. यह स्थिति तब है जब प्राकृतिक हीरा उद्योग कई चुनौतियों का सामना कर रहा है. जैसे कि रूस से होने वाली सप्लाई पर वैश्विक प्रतिबंध और लैब में तैयार हीरों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा. लैब में तैयार हीरे, प्राकृतिक हीरों की जगह लेने के बजाय एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में उभर रहे हैं.



