BusinessIndia

​NSE के शेयर ने बनाया नया रिकॉर्ड, IPO लिस्टिंग के बाद पहली बार ₹2,000 के पार पहुंचा

शेयर बाजार में तेजी के बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के शेयरों ने शुक्रवार को नया रिकॉर्ड बना दिया. कारोबार के दौरान NSE का शेयर पहली बार ₹2,000 के स्तर को पार कर गया. BSE पर लिस्टेड शेयर ने ₹2,007.60 तक पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया.

​NSE के शेयर ने बनाया नया रिकॉर्ड, IPO लिस्टिंग के बाद पहली बार ₹2,000 के पार पहुंचा

हालांकि, बाद में इसमें थोड़ी गिरावट आई और दोपहर 3:00 बजे यह करीब ₹1,988.50 पर कारोबार कर रहा था. इस तरह शेयर अपने 52 सप्ताह के लो ₹1,640.25 से 21% से ज्यादा चढ़ चुका है. सितंबर 2026 में IPO लिस्टिंग के बाद शेयर में बिकवाली का दबाव देखने को मिला था, जिसके कारण इसने 52 सप्ताह का निचला स्तर छुआ था.

शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि NSE के शेयरों में निचले स्तर से लगातार तेजी देखने को मिल रही है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि शेयर ₹1,995 के औसत भाव से ऊपर बंद होता है या इसके नीचे. इसके आधार पर आगे शेयर की चाल तय हो सकती है.

NSE के शेयरों पर क्या है एक्सपर्ट की राय?

NSE के दूसरी तिमाही के नतीजे भी मजबूत रहे हैं, जिससे शेयर में तेजी बने रहने की उम्मीद है. कंपनी की सहायक इकाई NSE Clearing ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में ₹1,152 करोड़ की कुल आय दर्ज की, जो सालाना आधार पर 16% ज्यादा है. वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा ₹597 करोड़ रहा. मीडिया रिपोर्ट्स में मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि NSE का शेयर बाजार में उतारचढ़ाव के बीच निवेशकों के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकता है. NSE कैश इक्विटी, इंडेक्स फ्यूचर एंड ऑप्शन , स्टॉक F&O और क्लियरिंगसेटलमेंट के कारोबार में सबसे आगे है. कंपनी की कुल ऑपरेटिंग आय का करीब 60% हिस्सा F&O कारोबार से आता है. इस कारोबार में फिलहाल NSE की मजबूत पकड़ है और BSE उससे काफी पीछे है.

जेफरीज भी पोजिटिव

ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक जेफरीज भी NSE के शेयरों को लेकर सकारात्मक है. उसका मानना है कि आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई में तेजी आ सकती है. जेफरीज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 से 2026 के बीच NSE की ऑपरेटिंग आय में सालाना औसतन 6% की बढ़ोतरी हुई. इसकी बड़ी वजह F&O कारोबार पर नियमों में बदलाव और ज्यादा टैक्स का असर था. अब इनका असर काफी हद तक शेयर की कीमत और कारोबार में शामिल हो चुका है.

जेफरीज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 से 2029 के बीच NSE की ऑपरेटिंग आय में सालाना औसतन 15% की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके पीछे तीन बड़ी वजहें हैं. पहली, इक्विटी ऑप्शन बाजार में NSE की हिस्सेदारी करीब 65% पर स्थिर रहने की उम्मीद है. दूसरी, IPO और बड़े निवेशकों की हिस्सेदारी बिक्री के कारण कैश शेयरों के कारोबार में 16% की बढ़ोतरी हो सकती है. तीसरी, टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर से होने वाली आय में सालाना 23% की वृद्धि का अनुमान है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply