हर साल नवंबर की शुरुआत के साथ दिल्लीNCR में धुंध की चादर बिछ जाती है. हवा अधिक जहरीली होने लगती है. सुबह की सैर पर निकले लोग खांसने लगते हैं. आंखों में जलन होती है. कई गतिविधियां रोकनी पड़ती हैं. सवाल उठता है कि जब प्रदूषण के स्रोत साल भर मौजूद रहते हैं, तो नवंबर में ही हालात इतने बेकाबू क्यों हो जाते हैं? इसका जवाब किसी एक वजह में नहीं, बल्कि कई कारणों के एक साथ जुड़ जाने में छिपा है.

एक बार फिर दिल्लीएनसीआर में शुक्रवार को हवा गंभीर स्थिति में पहुंच गई. आईआईटी दिल्ली में AQI 488 दर्ज किया गया. वहीं, एम्स के पास एक्यूआई 418 दर्ज किया गया और दिल्ली का ओवरऑल AQI 403 रखा.
नवंबर से हालात बेकाबू क्यों होने लगते हैं?
1 बदलता मौसम, हवा की धीमी रफ्तार
नवंबर का मौसम गुलाबी सर्दी के लिए जाना जाता है. प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह मौसम का बदलता मिजाज है. गर्मियों में जमीन की गर्म हवा ऊपर उठती है और अपने साथ प्रदूषक कणों को भी ऊपर ले जाती है. सर्दी की दस्तक के साथ यह व्यवस्था उलट जाती है. ठंडी और भारी हवा जमीन के पास रुक जाती है, जबकि ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है.
मौसम विज्ञान की भाषा में इसे टेंपरेचर इन्वर्जन कहा जाता है. यह परत एक ढक्कन की तरह काम करती है और धुआं, धूल व गैसें ऊपर नहीं जा पातीं. नतीजा यह कि सारा प्रदूषण हमारी सांस की ऊंचाई पर ही कैद रहता है.
इसके साथ हवा की रफ्तार भी बहुत धीमी हो जाती है. मानसून के बाद हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं, इसलिए प्रदूषक कण बिखरने के बजाय एक जगह जमा होते जाते हैं. रात में तापमान गिरने और नमी बढ़ने से धुएं और कोहरे का मिश्रण यानी स्मॉग बन जाता है, जो सुबह तक छाया रहता है.
दिल्ली में प्रदूषण.
2पराली का धुआं, मौसमी मार
अक्टूबर के आखिर से नवंबर के बीच पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में धान की कटाई के बाद खेत साफ करने के लिए पराली जलाने के मामले भी सामने आते हैं. अगली फसल की बुवाई के लिए किसानों के पास समय बहुत कम होता है, इसलिए कई किसान सबसे सस्ता और तेज तरीका अपनाते हैं. उत्तरपश्चिमी हवाएं इस धुएं को सीधे दिल्ली की ओर धकेल देती हैं. कई दिनों में पराली का हिस्सा दिल्ली के प्रदूषण में काफी बड़ा हो जाता है, हालांकि यह हर दिन बदलता रहता है. पराली अकेली वजह नहीं है, पर यह पहले से खराब हालात में आग में घी का काम करती है.
3 दिवाली और पटाखे
दिवाली अक्सर अक्टूबर के आखिर या नवंबर की शुरुआत में पड़ती है. पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण और जहरीली गैसें पहले से भारी हवा को और जहरीला बना देती हैं. पटाखों पर पाबंदी के बावजूद कई इलाकों में उनका इस्तेमाल होता है. मौसम पहले से प्रतिकूल हो, तो एक रात की आतिशबाजी का असर कई दिनों तक टिका रहता है.
तस्वीर गुरुग्राम की है.
4 साल भर के स्थानीय स्रोत
मौसम और पराली अकेले जिम्मेदार नहीं हैं. दिल्ली के अपने स्रोत हर दिन हवा को बिगाड़ते हैं
- वाहन: लाखों गाड़ियां रोज सड़कों पर चलती हैं और NCR से आनेजाने वाले वाहन अलग से.
- धूल: निर्माण कार्य, टूटी सड़कें और खुली जमीन से उड़ने वाली धूल.
- उद्योग और बिजली: आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों का उत्सर्जन.
- कचरा और ईंधन: कूड़ा जलाना और सर्दियों में हीटिंग के लिए जलाई जाने वाली लकड़ी या कोयला.
सर्दी में जब हवा ठहर जाती है, तो ये सभी स्रोत मिलकर एक ही जगह जमा हो जाते हैं।
5 भूगोल भी दे रहा है साथ
दिल्ली चारों तरफ से जमीन से घिरा शहर है. यहां समुद्र की हवा नहीं आती जो प्रदूषण को बहा ले जाए. उत्तर में हिमालय की मौजूदगी भी हवा के बहाव को सीमित करती है. सिंधुगंगा के मैदान का यह इलाका कटोरे जैसा काम करता है, जिसमें प्रदूषक आसानी से फंस जाते हैं.
सबसे ज्यादा खतरा किसे?
PM2.5 जैसे बेहद सूक्ष्म कण इंसान के बाल से कई गुना पतले होते हैं और सांस के जरिए सीधे फेफड़ों और खून तक पहुंच सकते हैं. बच्चे, बुजुर्ग, दमा और दिल के मरीज और गर्भवती महिलाएं सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं. लंबे समय तक ऐसी हवा में रहने से सांस की बीमारियां, एलर्जी और हृदय रोग का खतरा बढ़ता है.
अपने शहर का AQI देखने के लिए यहां करें



