PAK vs SL 1st Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेला गया पहला टेस्ट शुक्रवार को आखिरी दिन ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज सऊद शकील का नाम शानदार प्रदर्शन करने बावजूद महेला जयवर्धने की एक अनचाही रिकॉर्ड लिस्ट में दर्ज हो गया।

सऊद शकील ने इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शानदार प्रदर्शन किया और कुल 190 रन बनाए। हालांकि, वह दोनों ही बार शतक लगाने से चूक गए। पहली पारी में 199 गेंदों में 93 रन बनाने के बाद वह दूसरी पारी में 210 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह शकील टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक मैच की दोनों पारियों में 90 से 99 रन के बीच आउट होने वाले सिर्फ पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
उनसे पहले इस लिस्ट में सिर्फ श्रीलंका के दिग्गज महेला जयवर्धने, वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज, इंग्लैंड के फ्रैंक वूली और ऑस्ट्रेलिया के क्लेम हिल का शामिल था। शकील 17 साल बाद ऐसे पहले बल्लेबाज बने हैं, जो एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 90 से 99 रन के बीच आउट हुए और शतक से चूक गए।
महेला जयवर्धने ने साल 2009 में एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 92 और 96 रन बनाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज दो बार इस स्थिति से गुजर चुके हैं। उन्होंने 1977 में 91 और 97 रन बनाए थे, जबकि 1980 में उनके बल्ले से 91 और 96 रन निकले थे। इंग्लैंड के फ्रैंक वूली ने 1921 में एक टेस्ट की दोनों पारियों में 95 और 93 रन बनाए थे। वहीं, इस लिस्ट में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के क्लेम हिल का नाम दर्ज हुआ था। उन्होंने 1902 में दोनों पारियों में 98 और 97 रन बनाए थे।
ड्रॉ पर खत्म हुआ रावलपिंडी टेस्ट
मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान ने पहली पारी में 434 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका ने 446 रन बनाए और पहली पारी में 12 रनों की बढ़त हासिल की। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में 284 रन बनाकर आखिरी दिन पारी घोषित कर दी। हालांकि, मैच में नतीजा निकलने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।



