BusinessIndia

​Meesho में सॉफ्टबैंक ने बेची ₹1885 करोड़ की हिस्सेदारी, शेयर पर रहेगी नजर

Meesho Block Deal: ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म मीशो के निवेशकों के लिए सोमवार, 16 नवंबर का दिन काफी अहम रहने वाला है. हफ्ता शुरू होते ही जब शेयर बाजार खुलेगा, तो मीशो के स्टॉक में बड़ा उतारचढ़ाव देखने को मिल सकता है. इस संभावित हलचल के पीछे एक बहुत बड़ा सौदा है. कंपनी के बड़े निवेशकों में शामिल जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप ने खुले बाजार में मीशो के करोड़ों शेयर बेच दिए हैं. एक तरफ जहां सॉफ्टबैंक ने अपनी हिस्सेदारी घटाई है, वहीं दूसरी तरफ दुनिया भर के कई दिग्गज फंड्स ने इन शेयरों को हाथोंहाथ खरीद लिया है.

​Meesho में सॉफ्टबैंक ने बेची ₹1885 करोड़ की हिस्सेदारी, शेयर पर रहेगी नजर

सॉफ्टबैंक ने किस भाव पर बेचे अपने शेयर

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के ब्लॉक डील डेटा से इस बड़े सौदे की पूरी तस्वीर साफ होती है. सॉफ्टबैंक ने अपनी सहयोगी कंपनी ‘SVF II मीरकट LLC’ के जरिए मीशो में अपनी 1.65 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची है. इस पूरे सौदे की कुल वैल्यू 1,885.17 करोड़ रुपये रही. डील के तहत सॉफ्टबैंक की यूनिट ने 246.75 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर मीशो के कुल 7.64 करोड़ शेयर बेचे हैं.

इस बड़ी बिकवाली के साथ ही भारत के ईकॉमर्स सेक्टर में सॉफ्टबैंक का निवेश थोड़ा कम हो गया है. इस डील से पहले मीशो में SVF II मीरकट LLC की कुल हिस्सेदारी 6.84 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 5.19 प्रतिशत पर आ गई है.

सोसाइटे जेनरल बनी सबसे बड़ी खरीदार

सॉफ्टबैंक ने जब इतनी बड़ी संख्या में शेयर बाजार में उतारे, तो उन्हें खरीदने के लिए देसी के साथसाथ विदेशी संस्थागत निवेशकों की लंबी लाइन लग गई. इस ब्लॉक डील में सबसे बड़ी खरीदार फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी ‘सोसाइटे जेनरल’ रही. इस कंपनी ने अकेले 364.65 करोड़ रुपये खर्च करके मीशो के 1.47 करोड़ से ज्यादा शेयर अपने नाम किए हैं.

घरेलू मोर्चे पर भारतीय म्यूचुअल फंड्स के अलावा इंश्योरेंस कंपनियों ने भी मीशो पर जमकर भरोसा जताया. प्रमुख भारतीय खरीदारों में एचडीएफसी , मोतीलाल ओसवाल, एडलवाइस, आदित्य बिड़ला सन लाइफ के मैनेज किए जाने वाले म्यूचुअल फंड्स शामिल रहे. इनके अलावा बजाज लाइफ इंश्योरेंस ने भी इस डील में हिस्सेदारी खरीदी है.

विदेशी दिग्गजों से लेकर सरकारी फंड्स तक ने लगाया पैसा

सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि दुनिया के बड़ेबड़े वित्तीय संस्थानों ने भी इस ब्लॉक डील में गहरी दिलचस्पी दिखाई. विदेशी खरीदारों की लिस्ट में मॉर्गन स्टेनली, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी इनवेस्टमेंट्स, बीएनपी पारिबा, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, विलियम ब्लेयर इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट के साथ टेक्सास म्युनिसिपल रिटायरमेंट सिस्टम जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इस सौदे की सबसे खास बात ये रही कि इसमें दो देशों के सरकारी संस्थानों ने भी पैसा लगाया है. सिंगापुर सरकार, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर के अलावा नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ‘गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल’ ने भी मीशो के शेयर खरीदे हैं.

शेयर बाजार में मीशो का अब तक का सफर

मीशो ने दिसंबर 2025 में शेयर बाजार में कदम रखा था. उस वक्त कंपनी 5,421.20 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आई थी. लिस्टिंग के बाद से ही ये स्टॉक निवेशकों को अच्छा रिटर्न दे रहा है. साल 2026 में अब तक ये शेयर 40 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दिखा चुका है. अगर सिर्फ पिछले 3 महीनों का ही रिकॉर्ड देखें, तो इसमें 30 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया है.

फिलहाल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर मीशो के शेयर की कीमत 257.15 रुपये है. ये बात गौर करने वाली है कि सॉफ्टबैंक की ब्लॉक डील मौजूदा बाजार भाव से थोड़े कम यानी 246.75 रुपये के औसत भाव पर हुई है. 1 रुपये की फेस वैल्यू वाली ये कंपनी BSE 200 इंडेक्स में शामिल है. आज की तारीख में इसका कुल मार्केट कैप 1.19 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच चुका है.

तेजी से घट रहा है कंपनी का घाटा

शेयरों में दिख रही इस मजबूती के पीछे कंपनी के सुधरते वित्तीय नतीजे भी एक बड़ी वजह हैं. जुलाईसितंबर 2026 की तिमाही में मीशो ने अपने घाटे को कम करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है. सालाना आधार पर कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा करीब 68 प्रतिशत घटकर सिर्फ 132.44 करोड़ रुपये रह गया है. ठीक एक साल पहले की समान तिमाही में ये घाटा 411.3 करोड़ रुपये के भारी स्तर पर था.

घाटा कम होने के साथसाथ कंपनी की कमाई में भी तगड़ा उछाल आया है. सितंबर 2026 तिमाही में कामकाज से होने वाला कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 34.4 प्रतिशत बढ़कर 4,131.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो सितंबर 2025 की तिमाही में 3,073.67 करोड़ रुपये था. अब सोमवार को बाजार खुलने पर ये देखना दिलचस्प होगा कि निवेशक सॉफ्टबैंक की बिकवाली पर प्रतिक्रिया देते हैं या बड़े दिग्गजों की खरीदारी को देखकर स्टॉक में नया जोश भरते हैं.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply