Ballia News: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर एक दर्दनाक मामला सामने आया है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि डीजे की तेज आवाज के कारण महज 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर डीजे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मुड़ियारी गांव की रहने वाली रीमा देवी कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके आई थीं. करीब 20 दिन पहले ही उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया था. शुक्रवार को रीमा देवी अपनी नवजात बच्ची को लेकर घर की झोपड़ी में सो रही थीं. इसी दौरान गांव में मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे लोगों ने उनके घर के पास डीजे रोक दिया और तेज आवाज में गाने बजाने लगे.
डीजे की आवाज से मासूम की मौत
परिजनों का आरोप है कि डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि घर में सो रही नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. रीमा देवी और परिवार के अन्य लोगों ने डीजे की आवाज कम करने की अपील भी की, लेकिन आरोप है कि लोगों ने उनकी बात अनसुनी कर दी. कुछ ही देर बाद बच्ची की धड़कन रुक गई और उसकी मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही डीजे को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में मृत बच्ची की मां रीमा देवी ने घटना के संबंध में अपनी पीड़ा और आरोप बताए. वहीं बच्ची की मामी रिंकू देवी ने भी डीजे की तेज आवाज और परिवार के विरोध के बावजूद आवाज कम नहीं किए जाने की बात कही.
जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर बलिया के पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. डीजे को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, 20 दिन की मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है. हालांकि, बच्ची की मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.



