Kasganj News: उत्तर प्रदेश में जिला जेल कासगंज में बंद हिस्ट्रीशीटर राजकुमार उर्फ भालू की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना दी गई थी. आननफानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जेल में बंद कैदी की मौत की खबर से पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक, राजकुमार उर्फ भालू को करीब एक माह पूर्व सिढ़पुरा थाना पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था. तभी से वह कासगंज जिला जेल में बंद था. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उसकी पत्नी जेल में उससे मुलाकात करने पहुंची थी.
जेल में हिस्ट्रीशीटर की मौत
परिजनों का कहना है कि मुलाकात के दौरान राजकुमार पूरी तरह स्वस्थ था और उसने किसी तरह की परेशानी भी नहीं बताई थी. ऐसे में शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने और फिर मौत की खबर मिलने से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए. शनिवार सुबह करीब 8 बजे जेल प्रशासन की ओर से उन्हें फोन कर राजकुमार की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, सीओ सिटी आंचल चौहान और कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र जिला अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल में घटना से संबंधित जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई की. फिलहाल राजकुमार उर्फ भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. जिला जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं.



