उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी बीच अपना दल की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जालौन से ऐसा बयान दिया है, जिसने NDA के भीतर सीटों के बंटवारे की चर्चा को तेज कर दिया है. उन्होंने अपना दल की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया, लेकिन साथ ही गठबंधन में आपसी सहमति से फैसला होने की बात भी कही. जालौन की सीट को लेकर भी उन्होंने संभावनाएं खुली रखीं.

उरई में ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपना दल प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि जालौन में भी पार्टी का जनाधार है, हालांकि यहां चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि एनडीए के पांचों दल मिलकर आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा तय करेंगे.
उन्होंने कहा कि भाजपा और अपना दल के बीच लंबे समय से बेहतर सामंजस्य है. इसे सीटों को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है. उन्होंने एनडीए की हैट्रिक लगाने का दावा किया. उन्होंने चंद्रशेखर के नए गठबंधन का किया स्वागत किया. उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को गठबंधन बनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार है.
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ा है अपना दल का ग्राफ
अनुप्रिया पटेल ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों के बीच आने में भले ही देरी हुई है, लेकिन आप लोगों को प्यार पार्टी के लिए कम नहीं हुआ है. अपना दल का इतिहास आपके लिए अनजाना नहीं है. समाज के हर वर्ग के लिए, दलितकुचले और कमजोर वर्ग के लिए अपना दल ने हमेशा आवाज उठाने की काम किया है.
उन्होंने कहा कि हमने सड़कों पर संघर्ष की शुरुआत की. संघर्ष करतेकरते इस मुकाम पर पहुंचे कि अपना दल आज उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी मौजूद है और देश की संसंद में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है.
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2009 में अपना दल अपने चार विधायकों के साथ उत्तर प्रदेश की विधानसभा में पहुंचा था. 2012 में बाराबंकी की धरती से जनता ने आशीर्वाद दिया और वह विधानसभा पहुंची और लगातार पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़ती गई. 2017 में हमारी पार्टी 11 सीटों पर चुनाव लड़ी और नौ सीटों पर जीत हासिल कर विधानसभा में पहुंची.
यूपी में पार्टी को बनाना है नंबर वन… अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2014 में जब लोकसभा का चुनाव हुआ तो अपना दल का दो सांसद चुनकर देश की संसद में पहुंचे और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी के दो सांसद संसद में पहुंचे. उन्होंने कहा कि 2022 में पार्टी 17 सीटों में चुनाव लड़ी और विधानसभा में 13 विधायक मौजूद हैं. विधान परिषद में भी आपका एक साथी मौजूद है.
उन्होंने कहा कि आज अपना दल उत्तर प्रदेश के अंदर तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरा है. केवल दो पार्टियां हमसे आगे हैं, लेकिन हम तीन पर संतुष्ट होने वाले नहीं है. हमें अपनी रफ्तार और बढ़ानी है और तबतक नहीं रूकना है, जब तक अपना दल उत्तर प्रदेश की नंबर वन पार्टी नहीं बन जाती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राज्य के हर बूथ पर अपना दल का झंडा लहराएं.



