
बिजनौर, उत्तर प्रदेश: हिरासत में लिए गए एक युवक को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में बिजनौर पुलिस विभाग में कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। मामले में ऑडियो साक्ष्य सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच कराई थी।
पुलिस के अनुसार, पानीपत के गांव पत्थरगढ़ निवासी अमजद मजीदी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 नवंबर की रात नजीबाबाद थाने की साहनपुर चौकी प्रभारी कुलवीर सिंह तीन सिपाहियों के साथ उनके घर पहुंचे थे। पुलिस उनके भतीजे हमजा को खैर की लकड़ी की चोरी के मामले में हिरासत में लेकर चली गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद दारोगा कुलवीर सिंह ने उन्हें सिपाही विजयपाल का मोबाइल नंबर दिया। जब उन्होंने विजयपाल से संपर्क किया तो कथित तौर पर हमजा को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की गई।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गौतम राय और डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद चौकी प्रभारी कुलवीर सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की आगे की जांच सीओ नजीबाबाद सुनील सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।



