CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

खेत में खून से लथपथ​​​​​ मिला 22 साल के युवक​​​​​​​​​​ का शव, सिर में लगी थी गोली; मौत से पहले सोशल मीडिया पर लिखी थी ये बात

खेत में खून से लथपथ​​​​​ मिला 22 साल के युवक​​​​​​​​​​ का शव, सिर में लगी थी गोली; मौत से पहले सोशल मीडिया पर लिखी थी ये बात

बरेली, उत्तर प्रदेश: सीबीगंज क्षेत्र के बादशाह नगर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में 22 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। युवक के सिर में गोली लगी हुई थी। परिजनों ने गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस हत्या के साथ आत्महत्या के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान बादशाह नगर निवासी मिथुन मौर्य के रूप में हुई है। वह एक क्लिनिक में निजी नौकरी करता था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात मिथुन अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसके बाद शनिवार सुबह उसका शव खेत में मिला।

सिर में लगी थी गोली, मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट

सुबह खेत में शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक के सिर में गोली लगी थी। शुरुआती जांच में गोली नजदीक से मारे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के साथ फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने आशंका जताई है कि मिथुन की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी चिराग जैन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

मौत से पहले सोशल मीडिया पर की थी आखिरी पोस्ट

जांच के दौरान मिथुन की सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मौत से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम खाते पर जलती हुई चिता की तस्वीर साझा की थी। इसके साथ उसने लिखा था, ‘ये मैं आखिरी हूं, मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा।’

इस पोस्ट के सामने आने के बाद मामले में एक नया पहलू जुड़ गया है। हालांकि, इस पोस्ट का उसकी मौत से क्या संबंध है और उसने इसे किस परिस्थिति में साझा किया था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हत्या या आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच

एसपी सिटी चिराग जैन के मुताबिक, युवक की मौत के मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मिथुन की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शुक्रवार रात कार्यक्रम में जाने के बाद उसके साथ क्या हुआ था।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस के प्रारंभिक बयान और उपलब्ध रिपोर्टों पर आधारित है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply