CrimeIndiaTrending

अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे​​​​​ लोगों के सामने अचानक बरसने​​​​​​​​​​ लगे चाकू, लहूलुहान युवक की मौत से मची भगदड़

अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे​​​​​ लोगों के सामने अचानक बरसने​​​​​​​​​​ लगे चाकू, लहूलुहान युवक की मौत से मची भगदड़

रुद्रपुर, उत्तराखंड: जिस अस्पताल में लोग अपनी और अपनों की जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, वहीं शुक्रवार को अचानक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया कि मरीजों और तीमारदारों में चीख-पुकार मच गई। जिला अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि इस घटना में दो अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुए हमले के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

शुक्रवार को जिला अस्पताल में रोजाना की तरह मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ मौजूद थी। आपातकालीन कक्ष के बाहर लोग चिकित्सकों को दिखाने के लिए कतार में खड़े थे। ओपीडी में भी मरीजों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अस्पताल परिसर में हुई हिंसक वारदात ने सामान्य माहौल को दहशत में बदल दिया।

घायल कर्मचारी को हल्द्वानी रेफर करने की हो रही थी तैयारी

जानकारी के मुताबिक, जगतपुरा में हुई मारपीट में घायल मोबाइल शॉप कर्मचारी कशिश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। उसके साथ नितेश जौहरी, उनका भाई और एक अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। चिकित्सक कशिश को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर करने की तैयारी कर रहे थे।

इसी बीच कर्मचारी पर हमला करने के आरोपित बताए जा रहे आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने नितेश जौहरी और उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से वार किए, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में नितेश जौहरी की जान चली गई, जबकि उनके भाई समेत दो लोग घायल हो गए।

अचानक चीख-पुकार सुनकर इधर-उधर भागने लगे लोग

हमले के दौरान अस्पताल में मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। किसी ने शोर सुनकर पीछे मुड़कर देखा तो वहां मारपीट और चाकूबाजी हो रही थी। कई मरीज और तीमारदार जान बचाने के लिए कमरों तथा सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे।

अस्पताल में अपनी पत्नी का उपचार कराने पहुंचे रंपुरा निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि वह उस समय पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर खड़े थे। अचानक शोर सुनकर वह उस तरफ गए। वहां मारपीट होती देखकर वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एक युवक लहूलुहान हालत में फर्श पर गिर पड़ा। कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर मिली तो वह घबरा गए।

गर्भवती पत्नी को बिना दिखाए अस्पताल से लौट गया परिवार

इस घटना के दौरान आदर्श कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र यादव भी अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। बताया गया कि कार से उतरते समय उन्होंने परिसर में घायल युवक को लहूलुहान हालत में देखा। कुछ ही देर में उसकी मौत की जानकारी मिलने से वह सहम गए।

अस्पताल में फैली अफरा-तफरी और डर का माहौल देखकर उन्होंने अपनी पत्नी को कार से नीचे नहीं उतारा। वह बिना चिकित्सक को दिखाए ही वहां से वापस लौट गए।

दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस हत्या ने मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह पर लोग इलाज और राहत की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां इस तरह की हिंसा ने हर किसी को दहशत में डाल दिया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply