
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में एक महिला की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर पेवर ब्लॉक से पत्नी के सिर पर हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय रॉबिन के रूप में हुई है, जो मोहाली के नया गांव स्थित जनता कॉलोनी में रहता है। उसने वर्ष 2020 में शिखा के साथ प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें पांच साल का बेटा और तीन साल की बेटी शामिल हैं।
घरेलू विवाद के बाद मां के साथ रहने लगी थी शिखा
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी वजह से शिखा अपने दोनों बच्चों को पति के पास छोड़कर सेक्टर-15 में अपनी मां गुंजन के साथ रहने लगी थी।
पुलिस के मुताबिक, रॉबिन इससे पहले अपनी सास पर भी हमला कर चुका था। इस मामले में उसे जमानत मिली हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच तनाव और शक के चलते विवाद लगातार बढ़ रहा था।
ऑफिस से साथ ले गया, फिर लेजर वैली में हुआ विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, वारदात वाले दिन रॉबिन सेक्टर-27 स्थित शिखा के कार्यालय पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों ने बाजार में खाना खाया और एक्टिवा पर शहर में घूमते रहे।
शाम करीब पौने आठ बजे दोनों सेक्टर-10 की लेजर वैली पहुंचे। यहां एक बार फिर उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान रॉबिन ने पेवर ब्लॉक उठाकर शिखा के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह कूड़ा बीनने वाले युवक ने देखा शव
शुक्रवार सुबह एक युवक कूड़ा बीनने के लिए लेजर वैली पहुंचा तो उसे वहां महिला का शव दिखाई दिया। उसने तुरंत एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
जांच के दौरान शव के पास खून से सना पेवर ब्लॉक मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में कलाई पर बंधी घड़ी, रुद्राक्ष की छोटी माला और बाजू पर बने नाम के निशान के आधार पर उसकी पहचान रांची निवासी शिखा के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कुछ ही घंटों में उसके पति रॉबिन को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस की प्रारंभिक जांच और उपलब्ध रिपोर्टों पर आधारित है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।



