CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

छठ पूजा के दौरान शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग की मौत तक पहुंचा, चार पट्टीदारों पर हत्या का आरोप

छठ पूजा के दौरान शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग की मौत तक पहुंचा, चार पट्टीदारों पर हत्या का आरोप

महराजगंज, उत्तर प्रदेश: छठ पूजा के दौरान डीजे की गाड़ी आगे निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया। आरोप है कि डीजे की तेज आवाज कम करने की बात कहने पर बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

घटना बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बैसार गांव की है। मृतक की पहचान श्रीकृष्ण गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक और आरोपी आपस में पट्टीदार हैं। दोनों पक्ष डीजे और टेंट का कारोबार करते हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले से भी रंजिश चली आ रही थी।

डीजे की आवाज कम करने को कहने पर बढ़ा विवाद

परिजनों का आरोप है कि छठ पूजा के दिन घाट से लौटते समय डीजे की गाड़ी आगे निकालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग श्रीकृष्ण गुप्ता के दरवाजे पर पहुंचे और तेज आवाज में डीजे बजाते हुए नाचने लगे।

कुछ देर बाद बुजुर्ग घर से बाहर आए और डीजे की आवाज कम करने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

गले में गमछा फंसाकर मारपीट करने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान श्रीकृष्ण गुप्ता के गले में गमछा फंसा दिया गया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें बृजमनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

मृतक के बेटे की तहरीर पर बृजमनगंज पुलिस ने श्यामकरन गुप्ता, उनके बेटे अर्जुन, दीपू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के मुताबिक, मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत पर आधारित है। घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply