उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद हाई कोर्ट में सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई है. सभी की नजरें इस मामले पर टिकी हैं की आजम खान जेल में रहेंगे या उन्हें राहत मिलेगी, इसका फैसला अब मंगलवार यानी 17 नवंबर को आने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि मंगलवार को आजम खान की जमानत पर फैसला आ सकता है.

वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने हाई कोर्ट में आजम खान की ओर से पक्ष रखा. सुनवाई के दौरान, उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताया. कोर्ट की कार्यवाही लंच ब्रेक से पहले लगभग ढाई घंटे और उसके बाद करीब दो घंटे तक चली. इस दौरान, प्रवर्तन निदेशालय के वकीलों ने भी कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा.
ED दाखिल करेगी हलफनामा
यह सुनवाई जौहर ट्रस्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी आजम खान की एक याचिका के संबंध में हो रही है. इस बीच, ED की टीम मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक हलफनामा दाखिल करने वाली है.
क्या है पूरा मामला?
आजम खान ने ED द्वारा अपनी गिरफ्तारी और उसके बाद मिली न्यायिक हिरासत को चुनौती दी है. 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के कुछ ही समय बाद उन्हें ED ने गिरफ्तार कर लिया था. यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में की गई थी.
आजम की हिरासत को 26 नवंबर तक बढ़ाया
समाजवादी पार्टी के नेता अभी चार दिन की पुलिस हिरासत में हैं, ED की हिरासत की अवधि सोमवार को खत्म होने वाली थी, लेकिन गाजियाबाद की PMLA कोर्ट ने इसे 26 नवंबर तक बढ़ा दिया है. हाई कोर्ट यह तय करेगा कि आजम खान को अंतरिम राहत दी जाए या नहीं। इस मामले की सुनवाई जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंहI की खंडपीठ कर रही है.



