पड़ोसी देश पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा. पाकिस्तान में बैठे आतंकियों ने सीमा पार से गुर्गे भेजने के बजाय अब देश में ही युवाओं को अपनी जाल में फंसाकर आतंकी बनाने की कवायद शुरू कर दी है. राजस्थान के श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट कांड में पाकिस्तान की ऐसी ही एक चाल नाकाम हुई है. हालांकि इस घटना में पुलिस ने पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को उजागर किया है. पुलिस के मुताबिक घटना स्थल से लेकर आरोपियों के ठिकानों पर RDX और हथियारों की बरामदगी से पाकिस्तान प्रायोजित साजिशों की कड़ियां खुलकर सामने आई हैं.

रायसिंहनगर में शहजाद भट्टी के कथित नेटवर्क से तीन नाबालिगों के जुड़ने का भी खुलासा हुआ है. राजस्थान पुलिस के मुताबिक भारत में दहशत फैलाने के लिए पाकिस्तान लगातार नएनए तरीके अख्तियार कर रहा है. अभी तक सीमा पार से घुसपैठ और आतंकियों की मदद से अशांति फैलाने की कोशिश की जाती थी. अब सोशल मीडिया, प्रेम संबंधों, दोस्ती और पैसों के लालच को हथियार बनाकर भारतीय युवाओं को ही देशविरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा है.
श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को हुआ था धमाका
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए धमाके की घटना ने इस कथित नेटवर्क की गंभीरता उजागर कर दी. राजस्थान एटीएस की जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों ने स्थानीय लोगों को अपने संपर्क में लेकर रेलवे ट्रैक जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति को निशाना बनाने की कोशिश की. इसके लिए आरोपियों को 2.23 लाख रुपये का भुगतान किया गया. जांच एजेंसियों के मुताबिक पाकिस्तानी हैंडलर शाह ने महकदीप कौर से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क बढ़ाया. पहले दोस्ती की फिर प्यार का झांसा देकर इस वारदात में इस्तेमाल किया.
वीडियो कॉल पर दी ट्रेनिंग
आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी भारतीय युवाओं को वीडियो काल पर विस्फोटक की ट्रेनिंग दे रहे हैं. रेलवे ट्रैक पर धमाके के आरोपियों को भी ऐसी ही ट्रेनिंग मिली. ट्रेनिंग के बाद इन्हें पहली बार 6 अक्टूबर को विजयनगर क्षेत्र में लोकेशन पर भेजा गया, लेकिन बम नहीं मिलने के कारण ये वापस लौट आए. फिर 12 और 13 अक्टूबर को रामसिंहपुरविजयनगर रेलवे ट्रैक के बीच टाइम बम लगाने के प्रयास किया गया. उस समय तकनीकी खराबी की वजह से विस्फोट नहीं हो सका. आखिर में 3 नवंबर को 50 जीबी के नजदीक रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ.
रावला मंडी में बरामद हुआ RDX
श्रीगंगानगर जिले में यह पहला मामला नहीं है, जब पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क और हथियारों की गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई हो. इससे पहले अक्टूबर 2026 में रावला मंडी क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक और हथियार बरामद किए थे. अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक हुई इस कार्रवाई में करीब 7.75 किलोग्राम संदिग्ध RDX, तुर्की निर्मित दो जिगाना पिस्तौल, चार मैगजीन और 867 कारतूस बरामद हुए थे.
नेटवर्क से जुड़े तीन नाबालिग
इसी कड़ी में रायसिंहनगर क्षेत्र से भी एक चिंताजनक मामला सामने आया. यहां के तीन नाबालिग लड़कों के शहजाद भट्टी के संपर्क में आने की जानकारी मिली है. पुलिस इन लड़कों को ट्रैस करने की कोशिश कर रही है. बताया जा रहा है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ये लड़के शहजाद के संपर्क में आए. नेटवर्क से जोड़कर इन लड़कों को स्लीपर सेल बनाने की सूचना है.



