बेंगलुरु के एक छोटे से 2BHK फ्लैट से शुरू हुआ घी और तेल का बिजनेस आज करीब 1,000 करोड़ रुपए की कंपनी बनने की ओर बढ़ रहा है. यह कहानी उत्तर प्रदेश के हाथरस के रहने वाले कुलदीप परेवा की है, जिन्होंने IIT से पढ़ाई करने और गोल्डमैन सैक्स जैसी बड़ी कंपनी में नौकरी करने के बाद अपना करियर छोड़ दिया. साल 2020 में उन्होंने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ‘अन्वेषण’ नाम से कारोबार शुरू किया. शुरुआत में कंपनी देसी तरीके से तैयार घी और तेल बेचती थी. आज इसके प्रोडक्ट्स की रेंज काफी बढ़ चुकी है और कंपनी का कारोबार देशभर में फैल गया है.

कुलदीप परेवा उत्तर प्रदेश के हाथरस के एक किसान परिवार से आते हैं. उन्होंने आईआईटी गुवाहाटी से पढ़ाई की और इसके बाद गोल्डमैन सैक्स में नौकरी शुरू की. हालांकि, बाद में कुलदीप ने गोल्डमैन सैक्स की अच्छीखासी नौकरी छोड़ने का फैसला किया. इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में कुलदीप ने आईआईटी गुवाहाटी से पढ़े अपने दो साथियों अखिल कंसल और आयुषी खंडेलवाल के साथ अन्वेषण की शुरुआत की. ये दोनों भी पहले गोल्डमैन सैक्स में काम कर चुके थे.
2BHK फ्लैट बना कंपनी का पहला ऑफिस
अन्वेषण की शुरुआत किसी बड़े ऑफिस या फैक्ट्री से नहीं हुई थी. बेंगलुरु के इंदिरानगर में कुलदीप के दो कमरों वाले फ्लैट को ही कंपनी का पहला ऑफिस बनाया गया. इस फ्लैट के एक कमरे में सामान रखा जाता था, जबकि लिविंग रूम में प्रोडक्ट्स की पैकिंग होती थी. ड्राइंग रूम को गोदाम बना दिया गया था. फ्लैट में सरसों के तेल के डिब्बे और घी के पैकेट रखे रहते थे. तीनों संस्थापक जमीन पर बैठकर ऑर्डर पैक करते थे. कुछ दिनों में वे हाथ से करीब 200 ऑर्डर तक पैक कर लेते थे. इसके बाद स्कूटर से दुकानदारों तक सामान पहुंचाते थे.
क्यों चुना देसी घी और कोल्ड प्रेस्ड तेल का कारोबार?
कंपनी ने शुरुआत में पारंपरिक तरीके से तैयार किए जाने वाले बिलौना घी और कोल्ड प्रेस्ड तेल पर ध्यान दिया. वहीं, कोल्ड प्रेस्ड तेल पारंपरिक तरीके से लकड़ी की घानी या मशीनों में बीज और मेवों को दबाकर निकाला जाता है. इस प्रक्रिया में तेल निकालने के लिए तेज गर्मी का इस्तेमाल नहीं किया जाता. कंपनी के संस्थापकों ने देखा कि लोग अब ऐसे खानेपीने के सामान की तलाश कर रहे हैं, जिनमें कम प्रोसेसिंग हो और जिनकी गुणवत्ता और बनाने के तरीके की जानकारी आसानी से मिल सके. इसी मांग को देखते हुए कंपनी ने धीरेधीरे अपने प्रोडक्ट्स की संख्या बढ़ाई. अब अन्वेषण घी और तेल के अलावा शहद, मसाले, आटा, बीज और कई दूसरे पारंपरिक खाद्य उत्पाद भी बेचती है.
कंपनी की खास बात यह है कि वह किसानों के आसपास ही छोटी फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर ध्यान देती है. इससे किसानों को सिर्फ कच्चा माल बेचने के बजाय उसे प्रोसेस करके ज्यादा कीमत पाने का मौका मिलता है. कंपनी अपने प्रोडक्ट्स पर क्यूआर कोड भी देती है, जिससे ग्राहक सामान के स्रोत और उसकी पूरी प्रक्रिया की जानकारी हासिल कर सकते हैं.
250 से ज्यादा किसानों के साथ जुड़ी कंपनी
छोटे से फ्लैट से शुरू हुआ यह कारोबार अब देश के कई राज्यों तक पहुंच चुका है. कुलदीप ने लिंक्डइन पर बताया था कि कंपनी 250 से ज्यादा किसानों के साथ काम कर रही है. इसके अलावा देशभर में 20 से ज्यादा प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाई गई हैं. कंपनी में 150 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं. जून 2026 की एक ईटी रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय अन्वेषण के 9 राज्यों में 16 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट थे. कंपनी अपनी वेबसाइट, ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स ऐप के जरिए प्रोडक्ट बेचती है. कंपनी की कमाई में छोटे शहरों की भी बड़ी भूमिका है.
430 करोड़ से 1,000 करोड़ रुपए तक पहुंची वैल्यूएशन
अन्वेषण के कारोबार में बढ़ोतरी के साथ निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ी है. अप्रैल 2025 में कंपनी ने विप्रो कंज्यूमर केयर वेंचर्स, डीएसजी कंज्यूमर पार्टनर्स और टाइटन कैपिटल समेत निवेशकों से 48 करोड़ रुपए जुटाए थे. इस फंडिंग के दौरान कंपनी की वैल्यूएशन करीब 430 करोड़ रुपए आंकी गई थी. कंपनी की ऑपरेटिंग कमाई भी बढ़ी है. एनट्रैकर की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 202324 में कंपनी का रेवेन्यू 46.84 करोड़ रुपए था, जो वित्त वर्ष 202425 में बढ़कर 77.08 करोड़ रुपए हो गया. इसके बाद जून 2026 में कंपनी ने सीरीजB फंडिंग राउंड में 150 करोड़ रुपए जुटाए. मार्च 2026 की ईटी रिपोर्ट के अनुसार, इस फंडिंग राउंड में कंपनी की वैल्यूएशन 900 से 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान था. इस तरह एक छोटे से फ्लैट से शुरू हुआ घी और तेल का कारोबार आज देश के तेजी से बढ़ते क्लीन फूड ब्रांड्स में शामिल हो गया है.



