साल 2026 में अक्टूबर तक शेयर बाजार में क्या कुछ घटा भूल जाइए. भूल जाइए वो दौर जब विदेशी निवेशक अपना पैसा लगातार निकाल रहे थे. इस बात को भी याद रखने की जरुरत नहीं कि कुछ समय पहले यही शेयर बाजार अपने 52 हफ्तों के लोअर लेवल पर था. वर्तमान में शेयर बाजार का घोड़ा जिस रफ्तार के दौड़ रहा है, उसका आनंद लीजिए. इस बात को दिमाग में रखिये कि सेंसेक्स के आंकड़े प्री वॉर लेवल पर एक बार फिर से दिखाई देने लगे हैं. इसी नवंबर के महीने में विदेशी निवेशक 84 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा लगा चुके हैं. स्वागत इस बात का करिए. सेंसेक्स और निफ्टी की रफ्तार 10 फीसदी से ज्यादा देखने को मिल रही है. मजा लीजिये.

जी हां, इस खुशी और आनंद को दोगुना करने के लिए मॉर्गन स्टेनली की ऐसी रिपोर्ट सामने आई है, जिसे जानकार आप गदगद हो जाएंगे. दिग्गज ब्रोकरेज फर्म ने अगले एक साल यानी दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के 1 लाख अंकों के पार जाने की भविष्यवाणी कर डाली है. मॉर्गन स्टेनली ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स में 16 फीसदी की तेजी देखने को मिल सकती है. जिससे सेंसेक्स 95 हजार अंकों पर खड़ा हो जाएगा. अगर रफ्तार और तेज रही हो आंकड़ा एक लाख अंकों तक भी पहुंच सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर मॉर्गन स्टानले ने और क्या कहा है.
मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट
भारतीय शेयर बाजार एक निर्णायक दौर में प्रवेश कर सकता है. मॉर्गन स्टेनली ने दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स में 16% की वृद्धि का अनुमान लगाया है, और अपने ‘बुल केस’ में इंडेक्स के 1 लाख के स्तर को पार करने की संभावना जताई है. ब्रोकरेज ने बीएसई सेंसेक्स के लिए अपना ‘बेस केस’ लक्ष्य 95,000 रखा है, जो मौजूदा स्तरों से 16% की बढ़त को दर्शाता है. वहीं, ‘बुल केस’ में लक्ष्य 1,05,000 है, जबकि ‘बियर केस’ में इंडेक्स के गिरकर 68,000 तक आने का अनुमान है.
मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार एक “महत्वपूर्ण मोड़” पर हैं और अगले साल इनका प्रदर्शन काफी बेहतर हो सकता है. ब्रोकरेज ने भारत के फायदे को “3D एज” के रूप में परिभाषित किया है — जिसका अर्थ है टिकाऊ , डायवर्सिफाइड और स्वतंत्र ग्रोथ. रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2027 के लिए ‘प्रोबेबिलिटी वेटेड आउटकम’ 90,750 है.
अर्निंग्स साइकिल में तेजी
मॉर्गन स्टेनली के सकारात्मक दृष्टिकोण का मुख्य आधार बेहतर होता हुआ ‘अर्निंग्स साइकिल’ है. ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029 तक सेंसेक्स की कमाई लगभग 18 फीसदी की दर से बढ़ेगी. उनके अनुमानों के अनुसार, सेंसेक्स की प्रति शेयर कमाई वित्त वर्ष 2027 में 4,081, वित्त वर्ष 2028 में 4,871 और वित्त वर्ष 2029 में 5,669 रहने की उम्मीद है.
इसका मतलब है कि कमाई में वित्त वर्ष 2027 में 18.5%, वित्त वर्ष 2028 में 19.4% और वित्त वर्ष 2029 में 16.4% की वृद्धि होगी. ब्रोडर मार्केट के लिए कमाई में वृद्धि का अनुमान वित्त वर्ष 2027 में 20%, वित्त वर्ष 2028 में 23% और वित्त वर्ष 2029 में 20% है.
मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि भारत का ‘अर्निंग्स ग्रोथ साइकिल’ रफ्तार पकड़ रहा है. भारत के कमाई संबंधी दृष्टिकोण और दुनिया के बाकी हिस्सों के दृष्टिकोण के बीच का अंतर, 2027 में बाजार के प्रदर्शन के लिए एक अहम फैक्टर साबित होगा.ब्रोकरेज को यह भी उम्मीद है कि इस दशक के अंत तक ‘प्रॉफिटटूजीडीपी’ नए हाई लेवल पर पहुंच जाएगा.
मॉर्गन स्टेनली क्यों बुलिश है?
मॉर्गन स्टेनली का यह नजरिया भारत की मजबूत घरेलू ग्रोथ, डायवर्सिफाइड इकोनॉमिक ढांचे और ग्लोबल झटकों से काफी हद तक सुरक्षित रहने की क्षमता पर आधारित है. ब्रोकरेज फर्म के अनुसार, हाईफ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स मजबूत बने हुए हैं, और अगले पांच वर्षों में निवेश के जीडीपी के 37.5 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है. मॉनेटरी पॉलिसी का समर्थन, अंडरवैल्यूड करेंसी, सीमित वित्तीय चुनौतियां और कंज्यूमर्स का मजबूत भरोसा भी इस सकारात्मक दृष्टिकोण को बल दे रहे हैं.
अगर ग्लोबल लेवल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कैपिटल एक्सपेंडिचर की रफ्तार धीमी पड़ती है या भूराजनीतिक तनाव कम होते हैं, तो इससे भारतीय इक्विटी बाजार को भी फायदा हो सकता है. मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि इनमें से कोई भी घटनाक्रम भारत को निवेशकों के लिए और अधिक आकर्षक बना सकता है. ब्रोकरेज को उम्मीद है कि घरेलू ग्रोथ मजबूत बनी रहेगी, ग्लोबल ग्रोथ स्थिर रहेगी, भारतअमेरिका व्यापार समझौते का समाधान निकलेगा और ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहेगी.
इसके अलावा, ब्रोकरेज को उम्मीद है कि घरेलू इक्विटी प्रवाह मजबूत बना रहेगा. इसके पीछे आईपीओ की पाइपलाइन और इक्विटी की सप्लाई की तुलना में रिटेल निवेशकों की अधिक मांग जैसे फैक्टर काम कर रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, भारत में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर है.
‘बुल केस’ में सेंसेक्स 1 लाख तक पहुंच सकता है
मॉर्गन स्टेनली ने दिसंबर 2027 के लिए सेंसेक्स का लक्ष्य 95,000 रखा है, जो 23 गुना के ‘ट्रेलिंग प्राइसटूअर्निंग्स मल्टीपल’ को दर्शाता है. यह इंडेक्स के 25 साल के औसत से अधिक है.
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि यह प्रीमियम भारत के मध्यम अवधि के ग्रोथ साइकिल में अधिक भरोसे, कम ‘मार्केट बीटा’, हाई ‘टर्मिनल ग्रोथ रेट’ और अधिक स्थिर नीतिगत माहौल को दर्शाता है.
‘बेस केस’ के होने की संभावना 50 फीसदी है. इसमें मजबूत घरेलू ग्रोथ, स्थिर ग्लोबल ग्रोथ, भारतअमेरिका व्यापार समझौते के समाधान और ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने का अनुमान लगाया गया है. इस स्थिति में, मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029 तक सेंसेक्स की कमाई 18.1 फीसदी की दर से बढ़ेगी.
‘बुल केस’ के होने की संभावना 30 फीसदी है, जिसमें सेंसेक्स 1,05,000 तक पहुंच सकता है. इस स्थिति में माना गया है कि कच्चे तेल की कीमतें 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहेंगी, सप्लाईसाइड का दबाव कम होगा, महंगाई के अनुमान घटेंगे, लॉन्गटर्म कैपिटल गेन्स टैक्स शून्य हो जाएगा, और अन्य रिफॉर्म्स से इकोनॉमी और मार्केट्स में कैपिटल का फ्लो बेहतर होगा. ‘बुल केस’ में, वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2029 के बीच सेंसेक्स की कमाई सालाना 20.3% की दर से बढ़ेगी.
क्या गिरावट भी देखने को मिल सकती है?
‘बेयर केस’ के होने की संभावना 20% है, जिसमें सेंसेक्स 68,000 के स्तर पर आ सकता है. इसका मतलब है कि मौजूदा स्तर से इसमें 17% की गिरावट आ सकती है. इस स्थिति में माना गया है कि कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली जाएगी और कई महीनों तक वहीं बनी रहेगी. मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता बनाए रखने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक अपनी नीतियों को सख्त कर देगा और ग्लोबल ग्रोथ रेट में काफी कमी आएगी.
ऐसी स्थिति में, वित्त वर्ष 2029 तक सेंसेक्स की कमाई सालाना 15.8% की दर से बढ़ेगी, और अगले 12 महीनों में ग्रोथ रेट में साफ तौर पर कमी आएगी. कमजोर मैक्रोइकॉनॉमिक स्थितियों को देखते हुए इक्विटी वैल्यूएशन में भी गिरावट आएगी. ब्रोकरेज ने नए इक्विटी इश्यू की भरमार, सप्लाईसाइड से महंगाई का नया दबाव, तेल की कीमतों का 120 डॉलर प्रति बैरल के पार जाना और वैश्विक विकास में बड़ी सुस्ती को मुख्य जोखिमों के रूप में चिह्नित किया है.



