IndiaUttar Pradesh

​बीजेपी का मिशन यूपी-2027: जातीय समीकरणों पर जोर, विपक्ष के नैरेटिव की काट… मथुरा बैठक में होगा मंथन

उत्तर प्रदेश में सत्ता की हैट्रिक लगाने के मकसद से भारतीय जनता पार्टी इस बार किसी भी तरह की चूक या जोखिम से बचना चाहती है. यही वजह है कि बीजेपी ने चुनाव से पहले ही हर वर्ग को साधने की पुरजोर कोशिश शुरू कर दी गई है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत बीजेपी ने अपने पारंपरिक वोट बैंक को फिर से एकजुट करने की कवायद भी तेज कर दी है.

​बीजेपी का मिशन यूपी-2027: जातीय समीकरणों पर जोर, विपक्ष के नैरेटिव की काट… मथुरा बैठक में होगा मंथन

यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारी को धार देने के लिए बीजेपी ने मथुरा में योजना बैठक की. दो दिवसीय इस बैठक के पहले दिन बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और चुनाव से पहले बूथ स्तर तक के मतदाताओं से सीधा संवाद और संपर्क पर चर्चा हुई. साथ ही नए वोटर, युवाओं, महिलाओं और अलग अलग सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. बैठक में समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष के नैरेटीव को ध्वस्त करने को लेकर भी चर्चा हुई.

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे मुद्दों भी चर्चा

बैठक मे संगठन और सरकार के बीच तालमेल, प्रदेश में बदलते जातीय और सामाजिक समीकरण, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे मुद्दों भी चर्चा में रहे. केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार पर भी मंथन हुआ.

पार्टी राज्य की प्रमुख जातियों के बीच पनपे असंतोष को खत्म करने के लिए भी काम कर रही है. इसके लिए इन जातियों के बीच छोटी छोटी बंद कमरे में बैठकों में तेजी लाने पर काम कर रही है. इन बैठकों की कमान संबंधित समाज से आने वाले पार्टी के कद्दावर नेताओं को दी गई है.

ब्राह्मण, राजपूत, जाट और गुर्जरों को साधने पर जोर

दरअसल उत्तर प्रदेश की सियासत में ब्राह्मण, राजपूत, जाट और गुर्जर जैसी प्रभावशाली जातियां लंबे समय से बीजेपी की ताकत रही हैं. पिछले चार बड़े चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत में इन वर्गों के एकमुश्त समर्थन की बड़ी भूमिका थी. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रदेश के भीतर पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसके पीछे इन पारंपरिक मतदाताओं की बेरुखी को एक बड़ी वजह माना गया. मसलन यूपी के ब्राह्मण समाज में यूजीसी के दिशानिर्देशों और शासनप्रशासन में कथित उपेक्षा को लेकर नाराजगी की बातें सामने आ रही हैं. दूसरी तरफ, सत्ता में पर्याप्त हिस्सेदारी न मिलने से जाट और गुर्जर बिरादरी के बीच भी असंतोष देखा जा रहा है.

बंद कमरे में समाज प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद

ऐसे में बंद कमरे में होने वाली इन बैठकों का मकसद समाज के प्रभावशाली लोगों के साथ सीधा और पारदर्शी संवाद स्थापित करना है. इस दौरान प्रतिभागियों से फोन बाहर रख कर बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और सुझाव रखने को कहा जाता है, ताकि उन्हें शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जा सके. इसी फीडबैक के आधार पर पार्टी अपने आगामी चुनावी घोषणापत्र और टिकट वितरण की रूपरेखा भी तय करेगी. इस संवाद में मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी रहती है ताकि खुलकर शिकायत रखी जा सके और बातचीत पूरी तरह गोपनीय रहे.

बीजेपी और संघ के नेताओं के बीच भी होगी बैठक

मथुरा की यूपी बीजेपी की योजना बैठक में एक सत्र बीजेपी और संघ के नेताओं के बीच भी होगा. आरएसएस किस तरह से यूपी चुनाव में सहयोग करेगा, उसकी भूमिका क्या रहेगी.. उसको लेकर चर्चा होगी. हर चुनाव की तरह दूसरे राज्यों के संगठन मंत्रियों को यूपी चुनाव में पार्टी लगाएगी. इस बैठक में उनको कार्यक्षेत्र के बारे में जानकारी दी जाएगी.

पार्टी ने इस योजना बैठक के लिए मथुरा का चयन करके ये राजनीतिक संदेश भी देने की कोशिश कि है कि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण भी उसके राजनीतिक और सांस्कृतिक एजेंडे का अहम हिस्सा हैं.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक को करेंगे संबोधित

बैठक में योगी आदित्यनाथ, पंकज चौधरी, बीएल संतोष, विनोद तावड़े, केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, धर्मपाल समेत 50 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल थे. सभी पदाधिकारी रात में यही रूकेंगें और सत्र के अलावा अनौपचारिक बैठकें भी करेंगे. मंगलवार को भी ये बैठक जारी रहेगी. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को बैठक को संबोधित करेंगे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply