दिल्लीएनसीआर समेत देश के अधिकतर हिस्सों में बढ़े हुए पॉल्यूशन की वजह से सांस लेना मुश्किल हो गया है. एयर पॉल्यूशन शरीर में कई दिक्कतों की वजह बनता है. क्या आप जानते हैं कि वायु प्रदूषण का असर सिर्फ हमारे फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह शरीर के दूसरे अंगों को भी प्रभावित कर सकता है. हाल के वर्षों में प्रदूषण और आंतों की सेहत के बीच संबंध को लेकर भी चर्चा बढ़ी है. दरअसल, हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे बेहद छोटे प्रदूषण कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचते हैं.

इनमें से कुछ कण हमारे पाचन तंत्र तक भी पहुंच सकते हैं, जिन्हें शरीर निगल लेता है. एक्सपर्ट के जरिए जानें कैसे ये हमारे पेट और गट हेल्थ को कमजोर बनाता है या नुकसान पहुंचाता है.
पॉल्यूशन का गट हेल्थ पर असर
डॉक्टर अभिषेक दीपक का कहना है कि इन प्रदूषण कणों के संपर्क में आने से शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है. इसका असर आंतों में मौजूद अच्छे और बुरे बैक्टीरिया के संतुलन यानी गट माइक्रोबायोम पर पड़ने की आशंका रहती है. गट माइक्रोबायोम हमारे पाचन, पोषक तत्वों के अवशोषण और इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है.
जब आंतों में इन बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ता है, तो कुछ लोगों को पेट फूलना, गैस, कब्ज, पेट में असहजता और पाचन से जुड़ी दूसरी परेशानियां हो सकती हैं. हालांकि, हर व्यक्ति में इसके लक्षण एक जैसे नहीं होते और प्रदूषण को इन समस्याओं का सीधा कारण मानने के लिए अभी और शोध की जरूरत है.
इन बातों का रखें खास ध्यान
ऐसे मौसम में खानपान और रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है. खाने में दही, छाछ, फल, हरी सब्जियां और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें. पर्याप्त पानी पिएं और बाहर के खुले में रखे खाने से बचें. साथ ही, प्रोसेस्ड फूड और बहुत ज्यादा तलेभुने खाने का सेवन कम करें.
अगर पेट से जुड़ी परेशानी लगातार बनी रहती है, तो इसे सामान्य गैस या अपच समझकर नजरअंदाज न करें. डॉक्टर से सलाह लें. प्रदूषण से बचाव के साथसाथ अपनी गट हेल्थ का ध्यान रखना भी जरूरी है.
क्यों बढ़ रहा प्रदूषण
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम का कहना है कि राजधानी दिल्ली लोकल वाहनों से निकलने वाले धुएं की हिस्सेदारी 20.2% से 52% तक है और ये बहुत ज्यादा है. रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के कुल PM2.5 स्तर में 54.43% हिस्सा पड़ोसी एनसीआर जिलों से हवा के साथ आने वाले प्रदूषण का है.



