उत्तर प्रदेश में विशेष मतदाता पुनरीक्षण के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने 2026 की अनुमानित आबादी और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के आंकड़ों की तुलना की. इसके मुताबिक, प्रदेश की अनुमानित आबादी 16 करोड़ 16 लाख 85 हजार है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं. दोनों के बीच 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार 95 का अंतर है.

इस अंतर को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है. खास तौर पर 1819 साल के युवाओं और महिलाओं के शतप्रतिशत पंजीकरण पर जोर दिया जाएगा.
कितने लोग अभी भी मतदाता सूची से बाहर?
- प्रदेश की अनुमानित आबादी 16 करोड़ 16 लाख 85 हजार है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं. इस तरह अनुमानित आबादी और मतदाताओं की संख्या के बीच 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार 95 का अंतर है.
- पुरुषों की अनुमानित आबादी 8 करोड़ 32 लाख 76 हजार है, जबकि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष मतदाता दर्ज हैं. इस लिहाज से पुरुषों की संख्या में 94 लाख 17 हजार 490 का अंतर है.
- वहीं, महिलाओं की अनुमानित आबादी 7 करोड़ 84 लाख 9 हजार है, जबकि मतदाता सूची में 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं… यानी महिलाओं की अनुमानित आबादी और पंजीकृत महिला मतदाताओं के बीच 1 करोड़ 64 लाख 2 हजार 647 का अंतर है.
- इसी तरह 18 से 19 साल के आयु वर्ग में अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है, जबकि इस उम्र के केवल 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता ड्राफ्ट सूची में दर्ज हैं. इस आयु वर्ग में 72 लाख 63 हजार 648 का अंतर सामने आया है.



