BusinessIndia

​करेंसी मार्केट के रिंग में रुपए की जोरदार दहाड़, लगाई 7 महीने की सबसे बड़ी छलांग

जैसेजैसे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है, जिस तरह से विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में डॉलर डालना शुरू किया है. वैसे भारतीय करेंसी को बूस्ट मिलना शुरू हो गया है. बीते कुछ दिनों में डॉलर के मुकाबले में काफी अच्छी तेजी देखने को मिली है. आंकड़ों को देखें तो मंगलवार को करेंसी मार्केट में रुपया 7 महीने के पीक पर दिखाई दिया. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में रुपए में इसी तरह की तेजी जारी रही तो जल्द ही प्री वॉर लेवल पर दिखाई दे सकता है. ब्रेंट क्रूड के आंकड़े 92 डॉलर प्रति बैरल पर दिखाई दे रहे हैं. नवंबर के महीने में विदेशी निवेशकों ने अब करीब 90 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर दिया है. जिसकी वजह से रुपए को डॉलर के मुकाबले में भारी भरकम बूस्ट मिला है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर करेंसी मार्केट में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.

​करेंसी मार्केट के रिंग में रुपए की जोरदार दहाड़, लगाई 7 महीने की सबसे बड़ी छलांग

डॉलर के मुकाबले में जोरदार उछाल

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट, विदेशी फंडों के मजबूत प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 पर पहुंच गया. फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि ब्रेंट क्रूड की कीमतों में गिरावट से बढ़ते आयात बिलों को लेकर चिंताएं कम करने में मदद मिली. इसके अलावा, इस महीने अब तक भारतीय शेयरों में 8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का विदेशी संस्थागत निवेश आने और घरेलू शेयर बाजारों में आई तेजी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है. इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.72 पर खुला और बाद में मजबूत होकर 93.63 के स्तर तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त है. सोमवार को रुपया 25 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.94 पर बंद हुआ था.

7 महीने के पीक पर पहुंचा रुपया

डॉलर के मुकाबले में रुपया मंगलवार को 7 महीने के पीक पर दिखाई दिया है. 22 अप्रैल को आखिरी बार रुपया डॉलर के मुकाबले में इस लेवल पर दिखाई दिया है. वास्तव में बीते कुछ दिनों से डॉलर के मुकाबले में रुपए में लगातार तेजी देखने को मिल रही थी. खास बात तो ये है कि रुपया लाइफ लोअर लेवल 96.965 पर 20 मई को पहुंचा था. तब से अब तक रुपए में 3 रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिल चुका है. जबकि नवंबर के महीने में 1.25 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है. आने वाले दिनों में डॉलर के मुकाबले में रुपए में और तेजी देखने को मिल सकती है.

क्यों आई तेजी?

मिरे एसेट शेरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और घरेलू बाजारों में मजबूती के बीच, महंगाई को लेकर चिंताएं कम होने से रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा. FII का प्रवाह और अमेरिका तथा ईरान के बीच बड़े पैमाने पर टकराव की चिंताओं में कमी भी रुपये को सहारा दे सकती है. हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में उछाल रुपए की बड़ी तेजी को सीमित कर सकते हैं.

कच्चे तेल और डॉलर इंडेक्स के आंकड़े

  1. इस बीच, डॉलर इंडेक्स जो छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापता है 0.04 प्रतिशत बढ़कर 103.50 पर था.
  2. वैश्विक तेल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.71 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
  3. घरेलू इक्विटी बाजार में, शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 108.83 अंक बढ़कर 82,184.33 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 31.90 अंक की बढ़त के साथ 25,325.75 पर रहा.
  4. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स LLP के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने बताया कि ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज गिरावट जारी है. इसका मुख्य कारण ग्लोबल लेवल पर पर तेल की सप्लाई जरूरत से ज्यादा होने का डर है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी का अनुमान है कि चौथी तिमाही में प्रतिदिन लगभग 2 मिलियन बैरल तेल अतिरिक्त हो सकता है. इसके पीछे कारण यह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से मध्यपूर्व के कच्चे तेल की शिपमेंट उम्मीद से कहीं ज्यादा तेजी से बहाल हो रही है, और साथ ही चीन की ओर से मांग कमजोर होने के संकेत भी मिल रहे हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply