देसी घी हमारी पारंपरिक भारतीय लाइफस्टाइल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. लोग इसका इसका उपयोग सिर्फ खाना पकाने में ही नहीं, बल्कि घर में त्वचा की देखभाल के अलावा ट्रेडिशनली घरेलू उपचार के तौर पर भी करते हैं. जैसे पैरों के तलवे में देसी घी लगाना, नाभि में देसी घी डालना या फिर आंखों की पलकों पर देसी घी रखना. ये नुस्खे कितने कारगर होते हैं और क्या इसके फायदे की बजाय नुकसान हो सकता है. इस बारे में डिटेल के साथ जानेंगे एक्सपर्ट का क्या कहना है.

देसी घी फैट में घुलनशील कुछ विटामिन का सोर्स माना जाता है और एक्सपर्ट भी इसे डाइट का हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं. न्यूट्रिशनिस्ट गीतिका चोपड़ा कहती हैं कि हर ट्रेडिशनल रेमेडी के पीछे साइंटिफिक प्रूफ होना जरूरी नहीं है, लेकिन हमें सही जानकारी होना चाहिए. उन्होंने देसी घी से जुड़े चार नुस्खों के बारे में अपनी राय दी है.
पैर के तलवों पर देसी घी लगाना
कई लोग रात को सोने से पहले तलवों पर घी लगाते हैं. इसको लेकर कहा जाता है कि इससे आपको स्ट्रेस से राहत मिलती है और नींद में सुधार होता है. डॉ गीतिका चोपड़ा ने बताया, देसी घी तलवों में लगाने से सूखे और फटे पैरों को मॉइस्चराइज करने में मदद मिल सकती है, क्योंकि घी त्वचा पर सुरक्षात्मक परत बनाता है और नमी की कमी को कम कर सकता है. पैरों की मालिश से भी आराम मिल सकता है, लेकिन घी लगाने से नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है या शरीर की आंतरिक गर्मी नियंत्रित होती है, इसका मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है.
नाभि में देसी घी लगाना
पारंपरिक नुस्खों में नाभि में घी लगाने को पाचन, त्वचा के हाइड्रेशन और हार्मोनल संतुलन से जोड़ा जाता है, लेकिन वैज्ञानिक रूप से नाभि में घी लगाने से पाचन में सुधार होता है, कब्ज दूर होता है या हार्मोन संतुलन होने का पुख्ता सबूत नहीं है. अगर त्वचा रूखी है, तो मॉइस्चराइजर सीधे प्रभावित क्षेत्र पर लगाना ज्यादा व्यावहारिक है.
हल्के कट और जलने पर देसी घी
लोग त्वचा में हल्का कट या जलने पर त्वचा की इरिटेशन को कम करने के लिए देसी घी लगाते हैं. डॉ गीतिका चोपड़ा सुझाव देती हैं कि कट या बर्न पर किचन वाला देसी घी न लगाए. इससे घाव में संक्रमण खतरा बढ़ सकता है. मामूली जलने पर प्रभावित क्षेत्र को लगभग 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. बर्फ, घी या टूथपेस्ट ना लगायें. गहरी जलन, छाले या संक्रमित घावों में चिकित्सकीय ध्यान अवश्य लें.
आंखों की पलकों पर देसी घी लगाना
कुछ लोग पलकों और आईलैशेज पर घी लगाते हैं, ताकि रूखापन कम हो और पलकें स्वस्थ दिखें, लेकिन घी लगाने से पलकों की ग्रोथ बढ़ती है या आंखों की रोशनी बढ़ती है, इसका वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. आंखों के बिल्कुल पास घी लगाने से ग्रंथियों में रुकावट आ सकती है या संक्रमण का खतरा हो सकता है. इसलिए मुख्य आंखों और पलकों के किनारों पर रसोई में रखा देसी घी लगाने की गलती न करें.
डाइट में देसी घी
न्यूट्रिशनिस्ट गीतिका चोपड़ा ने सुझाव दिया है कि देसी घी को संतुलित आहार में सीमित मात्रा में शामिल करना चाहिए, और शुष्क त्वचा के लिए उपयुक्त मॉइस्चराइजिंग उत्पादों का उपयोग करना चाहिए. इसे पारंपरिक नुस्खे को मेडिकल ट्रीटमेंट का रिप्लेसमेंट नहीं बनाना चाहिए. हर प्राकृतिक चीज सुरक्षित या प्रभावी नहीं होती.



