उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरगर्मी जोरों पर है. भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने का दावा ठोक रही है. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इसी मौके पर अखिलेश यादव को चेतावनी दे दी है.

केशव मौर्य ने कहा कि अगर अखिलेश कृष्ण भक्त हैं, तो कारसेवा करें. मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव से दलित समुदाय से माफी मांगने की भी मांग की. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलित विरोधी होने का भी आरोप लगाया.
केशव मौर्य बोले प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार
केशव मौर्य ने कहा, ‘यूपी में प्रचंड बहुमत से बीजेपी सरकार बनने जा रही है. हमारा कार्यकर्ता उत्साह और विश्वास के साथ लगा है. वो समाजवादी पार्टी को सैफई भेजने जा रहा है और सपा के मुंगेरी लाल के सपने चूरचूर करने जा रहा है.
उन्होंने अखिलेश को घेरते हुए कहा कि हम भगवान श्रीकृष्ण को शीश नवाते है. कल मैंने कहा था कि अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है. अखिलेश अगर कृष्ण भक्त हैं तो कारसेवा करें. शायद उनकी साइकिल डूबने से बच जाए.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
मौर्य ने कहा, ‘यूपी में कमल खिलने जा रहा है. डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों से यूपी में चारों तरफ बमबम हो रहा है.’
केशव मौर्य ने मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कहा कि हमारे कार्यकर्ता वोटर लिस्ट में सभी मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए जागरूकता से लगे हैं. मौर्य ने कहा, ‘भाजपा जहां एक बार आती है, वहां बारबार आती है और तीसरी बार तो जरूर आती है.’
केशव मोर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘अखिलेश दलित समुदाय से नाक रगड़ कर माफी मांगे. कल उनके चाचा रामगोपाल यादव ने दलितों को मूर्ख कहा. अंबेडकर को अखिलेश की सरकार के दौरान आजम खान ने भूमाफिया तक कहा था. ये दलित विरोधी है. जाति और तुष्टिकरण का नाम पर चुनाव लड़ रहे हैं.
सीएम योगी भी रहे मौजूद
मथुरा में केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति में ‘प्रदेश योजना बैठक का आयोजन किया गया था. इस दौरान पार्टी ने कई विषयों पर मंथन किया. बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.
बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस वार्ता भी की। केशव मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “कान्हा की नगरी मथुरा से निकला है संदेश, 2027 में फिर कमलमय होगा उत्तर प्रदेश!”
अखिलेश ने किया पलटवार
केशव के कृष्ण की कारसेवा वाले बयान पर अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया है. अखिलेश ने कहा, ‘उन्हें न कोई भजन पता है और न ही कोई पूजापाठ करनी है. वो फर्जी आदमी हैं. उन्हीं के ऊपर पूजा के नाम पर फर्जी पर्ची कटवाने का आरोप लगा था तो आप सोचिए वो क्या करेंगे. उनकी कहीं भी चल नहीं रही है.’



