मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां नलखेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में बचा हुआ खाना खाकर 5 गायों की मौत हो गई. जबकि 16 अन्य गायों की हालत नाजुक है. घटना की जानकारी होने पर हिंदू संगठनों ने हंगामा शुरू कर दिया है. इस संबंध में नलखेड़ा थाना पुलिस को शिकायत देते हुए शिवाजी चौराहे पर धरना प्रदर्शन भी किया है.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अली हुसैन नामक व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक नलखेड़ा में रहने वाले अयान पुत्र अली हुसैन लखेरा के घर में शादी समारोह का आयोजन था. इसमें वेज और नॉनवेज दोनों तरह के भोजन बनाए गए थे. वहीं समारोह के बाद बचा हुए खाने का सुरक्षित निस्तारण करने के बजाय खुले में फेंक दिया गया.
हिंदू संगठनों में आक्रोश
हिंदू संगठनों के मुताबिक खुले में फेंका हुआ यही खाना खाकर 20 से अधिक गोवंश बीमार हो गईं. देखते ही देखते इनमें से 5 गायों ने दम तोड़ दिया. वहीं 16 अन्य गायों की हालत नाजुक बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने गायों की हालत को देख तत्काल पशु चिकित्सक को सूचना दी. इसके बाद डॉ. संदीप नागर की अगुवाई में आई पशु चिकित्सकों की टीम ने गायों का उपचार शुरू किया है.
कार्रवाई पर अड़े संगठन
इस घटना के विरोध में आक्रोशित हिंदू संगठनों ने शिवाजी चौराहे पर धरना दिया. संगठन के पदाधिकारियों ने इस घटना के लिए जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की. बवाल बढ़ते देख पुलिस भी मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर अली हुसैन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.



