
ऑस्ट्रेलिया: एक ब्रिटिश एडल्ट कंटेंट क्रिएटर की गतिविधियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा कर दिया था। युवाओं के साथ बनाए गए अपने कंटेंट को लेकर वह लगातार आलोचनाओं के घेरे में रही। मामला इतना बढ़ा कि हजारों लोगों ने उसके खिलाफ ऑनलाइन अभियान चलाया और देश से बाहर भेजने की मांग की। इसके बाद उसका वीजा रद्द कर दिया गया। बाद में दूसरे देश में भी उसे इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
विवाद की शुरुआत तब हुई, जब महिला ने युवाओं के साथ बनाए गए अपने कंटेंट को प्रचारित किया। उसने दावा किया था कि इसमें शामिल सभी युवक कानूनी रूप से वयस्क थे और अपनी मर्जी से इसमें हिस्सा लेते थे। महिला के मुताबिक, शूटिंग से पहले उनकी पहचान की जांच की जाती थी और सहमति से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराई जाती थीं। इसके बावजूद उसके इस अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब एक पॉडकास्ट बातचीत में महिला ने एक पिता और उसके वयस्क बेटे के साथ एक ही समय में यौन संबंध बनाने का दावा किया। उसने इस अनुभव को सकारात्मक बताया, लेकिन उसके बयान की व्यापक आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे अनुचित और चिंताजनक व्यवहार करार दिया।
करीब एक लाख लोगों ने चलाया अभियान
महिला की गतिविधियों के विरोध में एक ऑनलाइन याचिका शुरू की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक लाख लोगों ने इस पर हस्ताक्षर कर उसे ऑस्ट्रेलिया से बाहर भेजने की मांग की। इसके बाद अधिकारियों ने उसका 12 महीने का वीजा रद्द कर दिया। बताया गया कि इसके पीछे वीजा की शर्तों के उल्लंघन का मामला था।
दूसरे देश में भी नहीं मिली राहत
ऑस्ट्रेलिया से बाहर जाने के बाद महिला ने अपनी एक सहयोगी के साथ दूसरे देश में कार्यक्रम आयोजित करने की कोशिश की। लेकिन वहां भी उनकी गतिविधियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। होटल में अश्लील कंटेंट बनाने के आरोपों के बाद आव्रजन अधिकारियों ने कार्रवाई की और दोनों को देश से बाहर भेज दिया। सरकार की ओर से इसे आव्रजन नियमों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा से जुड़ा कदम बताया गया।
महिला ने अपने फैसले का किया बचाव
लगातार आलोचना के बावजूद महिला अपने काम पर कायम रही। उसने कहा कि उसके साथ काम करने वाले सभी युवक वयस्क होते हैं और उनकी सहमति के बाद ही कोई गतिविधि की जाती है। उसने यह भी दावा किया कि सुरक्षा के लिए पहचान पत्र की जांच, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां और अन्य नियमों का पालन कराया जाता था।
उसकी सहयोगी ने भी इसी तरह का पक्ष रखते हुए कहा था कि किसी व्यक्ति के असहज होने पर उसे शामिल नहीं किया जाता। दोनों का तर्क था कि उनकी गतिविधियां स्वेच्छा और सहमति पर आधारित थीं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, बाल शोषण से जुड़े मुद्दों पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने महिला के तर्कों को खारिज किया। उनका कहना था कि किसी व्यक्ति का कानूनी रूप से वयस्क होना ही हर परिस्थिति में नैतिक सहमति का पर्याप्त आधार नहीं होता। सहमति के साथ भावनात्मक परिपक्वता और दबाव से मुक्त माहौल भी जरूरी है।
इस पूरे विवाद ने यौन सहमति, व्यावसायिक कंटेंट और युवाओं की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी थी। वहीं, महिला ने ऑस्ट्रेलिया में अपने वीजा रद्द किए जाने के फैसले को चुनौती देने और दूसरे देशों में अपने कार्यक्रम जारी रखने की बात कही थी।
Satya Report



