IndiaUttar Pradesh

​गोरखपुर में BJP नेता के बेटे की मौत पर बवाल, सपा के रोड शो में शामिल बुलडोजर के चपेट में आने का आरोप

Gorakhpur News: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. यात्रा के दौरान इस्तेमाल की जा रही JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है. वह बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था. घटना के बाद परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया. लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया.

​गोरखपुर में BJP नेता के बेटे की मौत पर बवाल, सपा के रोड शो में शामिल बुलडोजर के चपेट में आने का आरोप

बहन को स्कूल से लेने जा रहा था आर्यवर्धन

मृतक आर्यवर्धन सिंह गोरखपुर के कूड़ाघाट का रहने वाला था. वह केंद्रीय विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था. बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपनी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था. इसी दौरान सड़क पार करते समय वह डिवाइडर तक पहुंच गया. आरोप है कि इसी दौरान PDA रथ यात्रा में शामिल JCB की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसकी मौत हो गई. आर्यवर्धन दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई में भी काफी होनहार था.

पिता ने लगाया हत्या का आरोप

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार किया है. उनका आरोप है कि PDA रथ यात्रा के दौरान इस्तेमाल की जा रही क्रेन ने उनके बेटे को कुचल दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनका बेटा सड़क पार करके डिवाइडर तक पहुंच गया था, तो उसके साथ यह घटना कैसे हुई? पिता ने इसे हत्या बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

झारखंडी कॉलोनी के सामने चक्काजाम

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया. परिजनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के सामने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. इस दौरान सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ. घटना को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि बच्चे की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply