Buxar News: शादी की शहनाइयों और दोस्तों की हंसीठिठोली के बीच गुरुवार रात NH319A पर एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने यूपी के गाजीपुर और बिहार के बक्सर के कई परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए. बारात में शामिल होने जा रहे दूल्हे के 4 दोस्तों और बाइक सवार 3 युवकों समेत कुल 7 लोगों की इस भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दर्दनाक दुर्घटना के पीछे की कहानी बेहद मार्मिक है. कहीं दो महीने पहले खरीदी गई कार काल बन गई, तो कहीं एक दिन पहले ही ननिहाल घूमने आए युवा का सेना में जाने का सपना अधूरा रह गया.

गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के 5 युवक कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित विशुनपुरा गांव में दोस्त की बारात में शामिल होने के लिए निकले थे. गुरुवार रात जब उनकी कार बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में NH319A पर सोनपा गांव के पास पहुंची, तभी वहां के तीन युवक बाइक से घर से निकलकर महज 50 मीटर ही आगे बढ़े थे.
20 फीट हवा में उछली कार, 10 फीट गहरे गड्ढे को पार कर पेड़ से भिड़ी
प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह के मुताबिक, कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके चलते चालक बाइक को देखकर भी नियंत्रण नहीं रख सका. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठे अरुण का बायां पैर कटकर शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा. वहीं, बेकाबू कार करीब 20 फीट हवा में उछली, 56 बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे को पार कर सीधे पेड़ से जा टकराई.
‘इतनी तेज आवाज हुई कि दिमाग हिल गया’ दरवाजे तोड़कर निकाले गए शव
प्रत्यक्षदर्शी और जलीलपुर पैक्स अध्यक्ष राजेश राय ने उस भयावह पल को याद करते हुए बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दिमाग हिल गया. पीछे मुड़कर देखा तो कार के भीतर से चीखपुकार मच रही थी. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला. उधर, सड़क पर बाइक सवार तीनों युवक खून से लथपथ छटपटा रहे थे. इस हादसे में कार सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
अधूरा रह गया सेना में जाने का सपना, मामा के घर घूमने आया था अरुण
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू ये है कि बाइक सवार युवकों में शामिल अरुण कुमार भी गाजीपुर के उतरौली गांव का ही रहने वाला था. दो भाइयों में छोटा अरुण सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और देश सेवा का सपना संजोए हुए था. अरुण हादसे से महज एक दिन पहले ही सोनपा गांव निवासी अपने मामा हरेराम राजभर के घर घूमने आया था. गुरुवार शाम वह ननिहाल के दोस्त सौरी गांव निवासी शुभम कुमार और सिकरौल निवासी शिवम कुमार के साथ बाइक से महावीर स्थान की तरफ जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया.
दो महीने पहले खरीदी थी सेकेंड हैंड कार, हादसे के बाद से चालक लापता
भतौरा के प्रधान अजीत सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले कार सवार बादल कुमार , इरफान अंसारी , अरबाज अली और दिव्यांशु ठाकुर एक ही गांव भतौरा के रहने वाले थे. एक साथ चार युवकों की अर्थी उठने से पूरे गांव में मातम पसरा है.
ग्राम प्रधान के अनुसार, कार उनके गांव का छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र चला रहा था, जिसने दो महीने पहले ही सेकेंड हैंड i20 कार खरीदी थी. हादसे के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस व परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं.



