वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज़ दोहरा शतक लगाने का श्रेय अपने “आइडल” युवराज सिंह के साथ हुई आधे घंटे की फोन कॉल को दिया है। 15 साल के वैभव ने दोहा में खेले गए ‘राइजिंग स्टार्स एशिया कप’ में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों पर 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के शामिल थे।

सूर्यवंशी ने खुलासा किया कि वह अपने फॉर्म को लेकर “बहुत चिंतित” होकर युवराज के पास गए थे, और वहां से उन्हें “कई तकनीकी बातें” सीखने को मिलीं।
सूर्यवंशी ने बीसीसीआई टीवी के साथ एक इंटरव्यू में बताया “कल मैंने चार लोगों से बात की… सिर्फ चार लोगों से । एक तो मेरे पिता थे, दूसरे मेरे बचपन के कोच, मनीष ओझा थे और तीसरे मेरे दोस्त प्रथम जाचक. जो U19 के दिनों से ही मेरे साथ हैं। चौथे युवराज सर थे, मैंने उनसे लगभग आधे घंटे तक बात की। उन्होंने मुझसे बैटिंग के बारे में काफी कुछ बताया।”
“मैं बहुत परेशान था, इसलिए मैंने उनसे खुलकर बात की। मैंने उनसे कहा, ‘सर, जब मैं बल्लेबाजी करने जाता हूं तो मुझे ये दिक्कतें आती हैं।’ उन्होंने आधे घंटे तक मुझे सब कुछ बहुत अच्छे से समझाया। उन्होंने बताया कि अगर मैं 20 गेंदें खेल लूँ, तो स्कोर कुछ और ही होगा। उन्होंने कई तकनीकी बातें भी बताईं, जिनसे आज मुझे बहुत मदद मिली।”
बता दें कि सूर्यवंशी पहले दो मैचों में फ्लॉप रहे थे, उन्होंने नेपाल के खिलाफ 26 रन औऱ पाकिस्तान ए के खिलाफ 11 रन की पारी खेली थी। वहीं इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने सैयद मुश्ताल अली ट्रॉफी में बिहार के लिए सौराष्ट्र के खिलाफ हुए मैच में 18 रन बनाए थे।
सूर्यवंशी ने कहा, “यह आसान नहीं है। यहां मैंने जो दो मैच खेले, और उससे पहले घरेलू क्रिकेट में भी जो एकदो मैच खेले, उनमें मैं रन नहीं बना पाया। इसलिए मेरा ध्यान थोड़ा भटक रहा था, मैं सोच रहा था कि आखिर चल क्या रहा है। लेकिन मैंने युवराज सर से बात की।”
“वे मेरे आदर्श हैं, और जब आप अपने आदर्श से बात करते हैं, तो आप उनकी हर बात ध्यान से सुनते हैं। इसलिए मैंने उनकी हर बात को ध्यान से सुना, और उन्होंने मुझे एकएक करके कई बातें बताईं। बाद में मैंने अपनी बैटिंग के वीडियो भी देखे और मुझे लगा कि मैं यहां गलती कर रहा था। इसलिए आज मैंने कोशिश की कि वह गलती न दोहराऊं। उन्होंने मुझे जो एकदो बातें बताई थीं, मैंने उन्हें आजमाया और इससे मुझे बहुत मदद मिली।”
इस युवा खिलाड़ी ने कहा कि वह पिछले दो मैचों की तरह ही लंबी पारी खेलने के इरादे से मैदान पर उतरा था, लेकिन पिच का बर्ताव देखकर उसने अपनी रणनीति बदल ली।
सूर्यवंशी ने आगे कहा, “अहमदाबाद में आईपीएल खत्म होने के बाद जब मेरा इंटरव्यू हुआ था, तब मैंने कहा था कि मैं तीनों फॉर्मेट में खेल सकता हूं और स्थिति के हिसाब से अपना खेल बदल सकता हूं । मेरा अपने खेल पर इतना कंट्रोल है। पिछले दो मैचों में भी मैं इसी तरह खेलने की कोशिश कर रहा था। अगर फॉर्मेट लंबा है, तो खेल भी लंबा चलेगा, इसलिए मैं लंबी पारी खेलने की कोशिश कर रहा था। आज भी मेरी यही सोच थी कि मैदान पर जाकर देखूं कि विकेट कैसा है। मैंने ऐसा ही किया और कुछ गेंदों को परखा। मुझे नहीं लगा कि विकेट से बहुत ज्यादा मदद मिल रही थी। गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही थी, इसलिए मैंने अपने तरीके से खेला और अपनी ताकत पर भरोसा रखा।”


