रुपए की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है. खास बात तो ये है कि एशिया के 48 देशों में भारत की करेंसी हाल के दिनों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन चुकी है. मंगलवार के अवकाश के बाद बुधवार को रुपए में 69 पैसे की तेजी देखने को मिली और आंकड़ा 92.16 के लेवल पर पहुंच पहुंच गया जो कि मार्च के बाद सबसे बेहतर है. इसका मतलब है कि डॉलर के मुकाबले में रुपया 8 महीनों के हाई पर पहुंच गया है.

इसका सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में नवंबर के महीने में 27 फीसदी तक की गिरावट है. साथ ही जिस तरह से विदेशी निवेशकों ने रिकॉर्ड 1.42 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है. फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में कमी से भी रुपए को मदद मिली, जिससे यह चालू वित्त वर्ष के अपने सभी नुकसानों की भरपाई करने में सफल रहा. इसके अलावा, दुनिया भर के निवेशकों ने अन्य संपत्तियों की तुलना में भारतीय शेयरों में निवेश करना ज्यादा पसंद किया. आइए इसे विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं.
8 महीनों के हाई पर रुपया
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में, रुपया 92.65 पर खुला और सत्र के अंत में डॉलर के मुकाबले 92.16 के स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 69 पैसे अधिक है. सत्र का यह उच्चतम स्तर, इस साल 16 मार्च को डॉलर के मुकाबले दर्ज किए गए 92.28 के क्लोजिंग स्तर की तुलना में है. सोमवार को, रुपया अपने सात महीने के उच्चतम स्तर से नीचे आ गया था और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे की गिरावट के साथ 92.85 पर बंद हुआ था. मंगलवार को ‘प्रकाश गुरपर्व श्री गुरु नानक देव जी’ के कारण भारतीय मुद्रा बाजार बंद था. 13 नवंबर को डॉलर के मुकाबले 94.19 के क्लोजिंग स्तर के बाद से, पिछले पांच लगातार सत्रों में रुपये में 1.6 प्रतिशत से अधिक की जोरदार तेजी आई है. पिछले सात हफ्तों में, भारतीय मुद्रा ने 8 अक्टूबर को दर्ज किए गए अपने अब तक के सबसे निचले क्लोजिंग स्तर से लगभग 5 प्रतिशत की रिकवरी की है.
क्यों आई रुपए में तेजी?
मिरे एसेट शेरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण रुपए में उछाल आया. हालांकि, डॉलर के मजबूत होने से रुपए की तेजी सीमित रही. उन्होंने आगे कहा कि घरेलू बाजारों में मजबूती और FII के निवेश प्रवाह के चलते, रुपए के सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने की उम्मीद है. चौधरी ने कहा कि ट्रेडर्स अमेरिका से आने वाले GDP, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर के आंकड़ों पर नजर रख सकते हैं. USDINR स्पॉट प्राइस के 91.95 रुपए से 92.55 रुपए के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है.
चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के अनुसार, रुपए में आई यह तेज रिकवरी आगे भी जारी रह सकती है, जिसमें अगला लक्ष्य 91.4090 के स्तर के आसपास हो सकता है. मोरे ने कहा कि नवंबर में 14 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का मजबूत विदेशी पोर्टफोलियो निवेश , विदेशी बॉन्ड की नई खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, और डॉलर की लिक्विडिटी सुधारने तथा करेंसी को स्थिर करने के लिए RBI द्वारा उठाए गए कदमों से इस तेजी को समर्थन मिला है. उन्होंने आगे कहा कि लगातार विदेशी निवेश और कच्चे तेल की कम कीमतें निकट भविष्य में रुपए की रिकवरी को सहारा देने वाले मुख्य कारक बने रह सकते हैं.
कच्चे तेल में नरमी और बाजार में तेजी
- इस बीच, डॉलर इंडेक्स जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है 0.15 प्रतिशत बढ़कर 103.90 पर पहुंच गया. ऐसा तब हुआ जब अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट आई, क्योंकि निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे थे.
- इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड, फ्यूचर्स ट्रेड में 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.55 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
- घरेलू इक्विटी बाजार में, दोपहर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,215.02 अंक या 1.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 83,651.01 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 368.15 अंक या 1.45 प्रतिशत बढ़कर 25,717.60 पर था.
- 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 2,062.22 अंक उछलकर दिन के हाई लेवल 84,498.21 पर पहुंच गया. 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 602 अंक चढ़कर 25,951.65 पर आ गया.
- पिछले सत्र में बेंचमार्क सूचकांक लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए थे, लेकिन एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध आधार पर 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
विदेशी बाजारों से निकाल रहे हैं पैसा
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च हेड, राजीव शरण ने कहा कि जैसेजैसे निवेशक दक्षिण कोरिया, ताइवान और जापान जैसे AIप्रधान बाजारों से अपना पैसा निकाल रहे हैं, विदेशी फंडों ने इस महीने भारतीय इक्विटी में रिकॉर्ड 12 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया है. ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने के साथ, इस खरीदारी का असर 104 के करीब चल रहे डॉलर इंडेक्स के प्रभाव पर भारी पड़ा.


