Constitution Day 2026:संविधान सभा में महिलाओं ने आरक्षण नहीं, बराबरी मांगी थी. उन्हें भरोसा था कि योग्यता और समान अवसर के आधार पर महिलाएं सामान्य सीटों से भी आबादी के अनुरूप चुनकर आएंगी. लेकिन आजादी के बाद के सात दशकों से ज्यादा वक्त के अनुभव ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए आरक्षण को जरूरी बताया. 299 सदस्यों की संविधान सभा में महज 15 महिलाएं थीं. यानी कुल सदस्य संख्या की पांच फीसदी. इनमें भी दस ने बहसों में हिस्सा लिया.

संविधान निर्माण में लगे 2 साल 11 महीने और 17 दिन के वक्त के बीच 11 सत्रों और उनकी 165 दिन की बैठकों में दर्ज 36 लाख शब्दों में महिला सदस्यों के कथन की शब्द संख्या 66494 यानी लगभग दो फीसदी रही. बेशक वे कम बोलीं. लेकिन उनके सवाल बड़े थे. संविधान दिवस उन सवालों की फिर याद दिला रहा है.
हंसा मेहता: आरक्षण नहीं, बराबरी चाहिए
19 दिसंबर 1946 को संविधान सभा में उद्देश्य प्रस्ताव पर बहस के दौरान हंसा मेहता ने महिलाओं की स्थिति पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कुछ महिलाओं का ऊंचे पदों तक पहुंच जाना देश की सामान्य महिला की स्थिति का सही चित्र नहीं है. सदियों से कानून, रीतिरिवाज और सामाजिक व्यवहार ने महिलाओं को असमानता में रखा है. हंसा मेहता ने साफ कहा था कि महिलाओं ने अलग निर्वाचन क्षेत्र या आरक्षित सीटों की मांग नहीं की है. उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय चाहिए. बराबरी का अधिकार चाहिए.
हंसा मेहता.
14 अगस्त 1947 को उन्होंने संविधान सभा में महिलाओं की ओर से राष्ट्रीय ध्वज प्रस्तुत किया. आगे चलकर संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा की भाषा को लैंगिक रूप से समावेशी बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. ‘All men are born free and equal’ की जगह ‘All human beings are born free and equal’ की भाषा पर उन्होंने जोर दिया.
रेणुका राय: विशेषाधिकार नहीं, समान अवसर
18 जुलाई 1947 को रेणुका राय ने महिला आरक्षण के सवाल पर अपना पक्ष रखा. उनका मानना था कि महिलाओं को अलग सीटें देना उनकी क्षमता को सीमित करने जैसा होगा. महिलाएं सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों से भी चुनकर आ सकती हैं. उन्होंने कहा था कि महिला आंदोलन शुरू होने के समय से ही महिलाएं विशेषाधिकार और आरक्षण के बजाय बराबरी की मांग करती रही हैं.
उनका तर्क था कि आरक्षित सीटें महिलाओं के सामान्य सीटों से चुने जाने की संभावनाओं को कम कर सकती हैं. विजयलक्ष्मी पंडित के अमेरिका में भारत की राजदूत नियुक्त किए जाने का उन्होंने उदाहरण दिया था. उनका कहना था कि यह नियुक्ति किसी आरक्षण की वजह से नहीं, बल्कि उनकी योग्यता के कारण हुई. रेणुका को भरोसा था कि आजाद भारत में महिलाओं की क्षमता को पहचान मिलेगी.
दक्षायणी वेलायुधन और रेणुका राय.
दक्षायणी वेलायुधन: कानून से समाज नहीं बदलता
दक्षायणी वेलायुधन संविधान सभा की अकेली दलित महिला सदस्य थीं. केरल के पुलाया समुदाय में जन्मी दक्षायणी ने अस्पृश्यता का दंश खुद झेला था. 29 नवंबर 1948 को संविधान के मसौदे में अस्पृश्यता समाप्त करने वाले अनुच्छेद पर बहस हुई. दक्षायणी ने कहा कि संविधान में अस्पृश्यता के खिलाफ प्रावधान जरूरी है. लेकिन केवल कानून लागू कर देने से समाज नहीं बदलता. संविधान की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि लोग उसके मुताबिक आचरण करते हैं या नहीं. उन्होंने अलग निर्वाचन और दलितों के लिए पृथक राजनीतिक व्यवस्था का भी विरोध किया था. उनका विश्वास साझा लोकतांत्रिक व्यवस्था में था.
दुर्गाबाई देशमुख: अधिकार के साथ न्याय का रास्ता भी
दुर्गाबाई देशमुख संविधान सभा की सबसे सक्रिय महिला सदस्यों में थीं. पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने 22,905 शब्द बोले. महिला सदस्यों में यह सबसे अधिक था. 9 दिसंबर 1948 को मौलिक अधिकारों के संवैधानिक उपचार पर बहस में उन्होंने महत्वपूर्ण हस्तक्षेप किया.
दुर्गाबाई देशमुख.
उनका तर्क था कि अधिकार तभी सार्थक हैं, जब उन्हें लागू कराने का प्रभावी रास्ता भी हो. शीघ्र और प्रभावी उपचार के बिना अधिकार कागज पर लिखे शब्दों से ज्यादा नहीं रह जाते. दुर्गाबाई के लिए संविधान केवल सत्ता चलाने का दस्तावेज नहीं था. उसमें आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा का रास्ता भी होना चाहिए था.
बेगम एजाज रसूल: अल्पसंख्यकों की राजनीति पर अलग राय
बेगम एजाज रसूल संविधान सभा की अकेली मुस्लिम महिला सदस्य थीं. विभाजन के बाद अल्पसंख्यकों के राजनीतिक अधिकारों का सवाल बेहद संवेदनशील था. अलग निर्वाचन व्यवस्था कायम रखने की भी मांग थी. 25 मई 1949 को अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जुड़ी सलाहकार समिति की रिपोर्ट पर बहस हुई.
बेगम एजाज रसूल ने अलग निर्वाचन व्यवस्था का विरोध किया. उनका मानना था कि इससे समुदायों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रहेगी. साझा निर्वाचन व्यवस्था से ही राष्ट्रीय एकता मजबूत हो सकती है.
बेगम एजाज रसूल.
उनकी दलील थी कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए बहुसंख्यक समाज में विश्वास पैदा करना भी जरूरी है.अम्मू स्वामीनाथन, एनी मैस्करीन, सुचेता कृपलानी, पूर्णिमा बनर्जी, कमला चौधरी, सरोजिनी नायडू, विजयलक्ष्मी पंडित, राजकुमारी अमृत कौर, लीला राय और मालती चौधरी भी संविधान सभा की सदस्य थीं. इनकी प्राथमिकताएं अलगअलग थीं. किसी ने मौलिक अधिकारों पर बात की. किसी ने शिक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता पर. किसी ने न्यायपालिका, अल्पसंख्यकों और सामाजिक सुधार के सवाल उठाए.
आरक्षण तक पहुंची बराबरी की लड़ाई!
गुजरे सात दशकों से ज्यादा वक्त में तस्वीर बदली है. देश का नेतृत्व इंदिरा गांधी जैसी मजबूत प्रधानमंत्री ने वर्षों तक किया. कई राज्यों में महिला मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने अपनी पहचान बनाई. कुछ ने अपने दलों की अगुवाई की और अभी भी कर रही हैं. लोकसभा और राज्यसभा से लेकर ग्राम पंचायतों तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है. अनेक क्षेत्रों में उन्होंने अपनी क्षमता साबित की है. लेकिन संसद और विधानसभाओं में उनकी संख्या अब भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंची.
सितंबर 2023 में संसद ने 106वां संविधान संशोधन पारित किया. इसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया गया. इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एकतिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है. दिल्ली विधानसभा भी इसके दायरे में है. 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी कर इस कानून को प्रभावी कर दिया गया. लेकिन कानून के प्रभावी होने का अर्थ आरक्षण का तत्काल लागू होना नहीं है. संविधान के अनुच्छेद 334ए के मुताबिक इसके लिए 2023 के संशोधन के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने और उसके आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने की शर्त है.
भारतीय संविधान.
सरकार ने अप्रैल 2026 में इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया. इसके साथ परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े विधेयक भी लाए गए. लेकिन 17 अप्रैल को लोकसभा में 131वां संशोधन विधेयक जरूरी दोतिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका. पक्ष में 298 और विरोध में 230 मत पड़े. इसके बाद सरकार ने परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े विधेयक भी वापस ले लिए. लिहाजा 2023 के कानून में तय जनगणना और परिसीमन की शर्तें बरकरार हैं. यहां इतिहास का दिलचस्प पहलू सामने आता है.
संविधान सभा में हंसा मेहता और रेणुका राय जैसी महिलाएं आरक्षण के बजाय समान अवसर की पक्षधर थीं. उन्हें भरोसा था कि महिलाएं सामान्य सीटों से भी चुनकर आ सकती हैं. लेकिन आजादी के बाद के अनुभव ने दिखाया कि केवल समान अवसर की उम्मीद से प्रतिनिधित्व का अंतर नहीं मिटा. अब सवाल यह है कि बराबरी के जिस अधिकार की मांग संविधान सभा की महिलाओं ने की थी, उसे संसद और विधानसभाओं में वास्तविक भागीदारी में बदलने के लिए महिलाओं को और कितना इंतजार करना होगा?



