सैन जुआन में 75वें मिस यूनिवर्स मुकाबले में जेनिफर बैरेटो को विजेता घोषित किया गया. उन्होंने 115 प्रतियोगियों को पीछे छोड़ा. यह प्यूर्टो रिको का छठा मिस यूनिवर्स खिताब है. करीब 32 लाख की आबादी वाले कैरेबियन द्वीप के लिए यह बड़ी बात है. सवाल यह है कि इतना छोटा क्षेत्र बारबार दुनिया की सबसे बड़ी सौंदर्य प्रतियोगिता में क्यों चमकता है.

बैरेटो 27 साल की हैं और पेशे से मनोवैज्ञानिक और सोशल वर्कर हैं. वे इस खिताब को जीतने वाली पहली विवाहित महिला और पहली मां हैं. मिस यूनिवर्स ने 2023 में शादीशुदा और मां बन चुकी महिलाओं के लिए दरवाजे खोले थे. यह जीत उसी बदलाव का सबसे बड़ा नतीजा है. इसका संदेश साफ है कि मंच पर अब सिर्फ कम उम्र और अविवाहित चेहरे नहीं, बल्कि पेशेवर और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभा रही महिलाएं भी जीत सकती हैं.
तीसरे नंबर का प्यूर्टो रिको
मिस यूनिवर्स के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब अमेरिका और वेनेज़ुएला के नाम रहे हैं. प्यूर्टो रिको पांच जीत के साथ तीसरे स्थान पर था. अब छह ताजों के साथ यह स्थिति और मजबूत हो गई है. पिछली पांच विजेता थीं: मैरिसोल मालारेट , डेबोरा कार्थीडेउ , डायनारा टॉरेस , डेनिस किनोनेस और ज़ुलेयका रिवेरा .
प्यूर्टो रिको की जेनिफर बनीं मिस यूनिवर्स.
प्यूर्टो रिको की सफलता के 6 तर्क
- पेजेंट यहां सांस्कृतिक आयोजन है. लैटिन अमेरिका में सौंदर्य प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय गर्व से जुड़ी हैं. प्यूर्टो रिको में इसे वैसा ही सामुदायिक उत्सव माना जाता है जैसे दूसरे देशों में क्रिकेट या फुटबॉल. जब पूरा समाज किसी प्रतियोगिता को गंभीरता से लेता है, तो प्रतिभा और संसाधन उसी तरफ जाते हैं.
- फिटनेस पर फोकस अधिक रहता है. ब्यूटी कॉम्पिटीशन यहां के कल्चर का हिस्सा होने के कारण यहां की लड़कियों का एजुकेशन के साथ ब्यूटी और फिटनेस पर भी फोकस रहता है. जो इस कॉम्पिटीशन का हिस्सा बनना चाहती हैं उनकी तैयारी कम समय से ही शुरू हो जाती है.
पूर्व मिस यूनिवर्स डेनिस किनोनेस और ज़ुलेयका रिवेरा .
- स्थानीय स्तर से चयन की मजबूत प्रणाली. 2024 के राष्ट्रीय मुकाबले में 28 प्रतियोगी थीं और हर एक अलग शहर या कस्बे की नुमाइंदगी कर रही थी, जैसे ओरोकोविस या बायामोन. इससे हर शहर दांव पर लगा होता है और प्रतियोगी को स्थानीय समर्थन मिलता है. राष्ट्रीय मंच पर पहुंचने तक वह कई चरणों में परखी जा चुकी होती हैं.
- मीडिया की भारी मौजूदगी. राष्ट्रीय चयन का प्रसारण वापाटीवी और टेलीमुंडो जैसे बड़े चैनलों पर होता रहा है. लगातार टीवी कवरेज से प्रतियोगियों को शुरुआती दौर में ही दर्शकों की पहचान और अभ्यास मिल जाता है.
मिस यूनिवर्स1993 डायनारा टॉरेस
- अमेरिका से जुड़ाव और द्विभाषी होना. प्यूर्टो रिको अमेरिकी क्षेत्र है और वहां के लोग अमेरिकी नागरिक हैं. स्पेनिश और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में सहज होना अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ा फायदा है, खासकर इंटरव्यू और सवालजवाब के दौर में. फाइनल पांच से जजों ने पेजेंट की प्रासंगिकता और नेताओं से दुनिया की उम्मीदों जैसे विषयों पर सवाल पूछे। इन राउंड्स में भाषा की पकड़ निर्णायक हो सकती है.
- मेजबानी का अनुभव. प्यूर्टो रिको ने 1972, 2001 और 2002 में मिस यूनिवर्स की मेजबानी की है, और घरेलू मंच पर जीतने वाली दूसरी प्रतियोगी डेनिस किनोनेस थीं. आयोजन से जुड़ी जानकारी और संपर्क देश के भीतर मौजूद रहने का भी फायदा मिलता है.



