Credit Card Spending: दशहरा और दिवाली के त्योहारी सीजन में देशभर के लोगों ने जमकर शॉपिंग की है. इस खरीदारी में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल जमकर हुआ. भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में लोगों ने क्रेडिट कार्ड से कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये खर्च कर डाले. सितंबर में ये आंकड़ा 2.04 लाख करोड़ रुपये था. यानी सिर्फ एक महीने के अंदर क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में करीब 20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

इस भारी खरीदारी की रेस में देश के बड़े बैंकों के बीच भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी के ग्राहकों ने बाजी मार ली. पिछले साल के अक्टूबर महीने से तुलना करें, तो इस बार क्रेडिट कार्ड से 14.4 फीसदी ज्यादा खर्च हुआ है.
खर्च के मामले में एचडीएफसी बैंक नंबर वन
अक्टूबर महीने में कार्ड स्वाइप करने के मामले में एचडीएफसी बैंक ने अपनी नंबर वन की कुर्सी बरकरार रखी. अकेले एचडीएफसी बैंक के कार्डधारकों ने एक महीने में 70,115 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जो सितंबर के मुकाबले 7.6 फीसदी ज्यादा है.
हालांकि, ग्रोथ की रफ्तार के मामले में दूसरे बड़े बैंकों ने जोरदार छलांग लगाई. एसबीआई कार्ड दूसरे नंबर पर रहा. इसके ग्राहकों ने अक्टूबर में 45,797 करोड़ रुपये खर्च किए, जो सितंबर की तुलना में 31 फीसदी ज्यादा है. वहीं आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहकों ने सबसे तेज रफ्तार दिखाई. इस बैंक का क्रेडिट कार्ड खर्च 37 फीसदी उछलकर 42,295 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एक्सिस बैंक भी पीछे नहीं रहा और इसके कार्डधारकों का खर्च 30.5 फीसदी बढ़कर 30,211 करोड़ रुपये रहा.
दुकानों से ज्यादा ऑनलाइन शॉपिंग पर भरोसा
त्योहारों पर लोगों ने बाजार की भीड़ में जाने के बजाय घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग करना ज्यादा पसंद किया. क्रेडिट कार्ड से हुए कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये के खर्च में से 1.54 लाख करोड़ रुपये सिर्फ ऑनलाइन और ईकॉमर्स साइट्स पर खर्च किए गए. ये कुल खर्च का करीब 63 फीसदी हिस्सा है.
दूसरी तरफ, दुकानों और शोरूम में लगी पॉइंटऑफसेल मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ. साफ है कि डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अब लोगों की पहली पसंद बन चुके हैं.
एक महीने में जुड़े 14 लाख नए कार्डधारक
खर्च बढ़ने के साथ ही क्रेडिट कार्ड बनवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. अक्टूबर में देश के प्रमुख बैंकों ने मिलकर 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए. इसके साथ ही देश में कुल एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई है. सितंबर महीने में ये संख्या 12.53 करोड़ थी.
छोटे बिल चुकाने में भी कार्ड का इस्तेमाल
अक्टूबर के आंकड़ों में एक और खास बात सामने आई है. लोग अब सिर्फ महंगे सामान खरीदने के लिए ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे खर्चों के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं. सालाना आधार पर कुल ट्रांजैक्शन की संख्या 32 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई है.
लेकिन, ज्यादा बार कार्ड स्वाइप होने के बावजूद हर ट्रांजैक्शन पर होने वाला औसत खर्च कम हुआ है. एक साल पहले जहां लोग एक बार में औसतन 4,133 रुपये खर्च करते थे, वहीं अब ये आंकड़ा घटकर 3,585 रुपये रह गया है. इससे पता चलता है कि क्रेडिट कार्ड अब आम लोगों के छोटेमोटे बिल चुकाने का भी आसान जरिया बन गया है.



