IndiaUttar Pradesh

​दलित CM के बाद आज मुस्लिम डिप्टी CM का दांव चलेंगे ओवैसी-चंद्रशेखर… सपा को घेरने की तैयारी

एक तरफ अखिलेश यादव PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वोटों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं… तो दूसरी तरफ असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर नई सियासी बिसात बिछा रहे हैं. आज संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में दोनों नेता पहली बार गठबंधन के बाद इतने बड़े मंच पर साथ नजर आएंगे. रैली से पहले लगे पोस्टरों में लिखा है दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा… यानी दलित मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ मुस्लिम डिप्टी सीएम का दांव… सवाल है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को चुनौती देने की तैयारी में है?

​दलित CM के बाद आज मुस्लिम डिप्टी CM का दांव चलेंगे ओवैसी-चंद्रशेखर… सपा को घेरने की तैयारी

लखनऊ का रमाबाई अंबेडकर मैदान… संविधान दिवस का दिन… और पोस्टरों पर लिखा नारा दलित का बेटा बनेगा मुख्यमंत्री… अब्दुल का बेटा बनेगा डिप्टी सीएम… असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी ने 2027 के चुनाव से पहले अपनी सियासी रणनीति का संदेश पोस्टरों के जरिए दे दिया है. 12 नवंबर को दोनों नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के नाम से गठबंधन का ऐलान किया था और अब संविधान दिवस के मौके पर पहली बड़ी संयुक्त रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी है. गठबंधन की तरफ से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जा चुका है. अब रैली से पहले मुस्लिम डिप्टी सीएम का नारा सामने आया है.

पहली बार एक मंच पर ओवैसीचंद्रशेखर

ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन बनने के बाद यह पहली बड़ी संयुक्त रैली है. लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली के नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया है. दोनों पार्टियों ने अपने गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया है. इससे पहले 100 से ज्यादा बसों के जरिए AIMIM और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाया गया. समर्थक नीले और हरे झंडे लेकर नारेबाजी करते नजर आए. रैली के आयोजकों ने पांच लाख लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया है. वहीं रैली शुरू होने से पहले ही 50 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया गया.

अखिलेश के PDA को सीधी चुनौती?

उत्तर प्रदेश में मुस्लिम और दलित वोट बैंक लंबे समय से अलगअलग राजनीतिक समीकरणों का हिस्सा रहे हैं. मुस्लिम वोटों पर समाजवादी पार्टी अपना मजबूत दावा करती रही है… वहीं दलित राजनीति का बड़ा चेहरा मायावती और बहुजन समाज पार्टी रही है… लेकिन 2022 और 2024 के चुनावों के बाद प्रदेश में नए राजनीतिक विकल्पों और नेतृत्व को लेकर बहस जारी है. ओवैसी और चंद्रशेखर इसी खाली जगह में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं. एक तरफ चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया गया है… दूसरी तरफ मुस्लिम डिप्टी सीएम का नारा देकर मुस्लिम समाज को भी सत्ता में हिस्सेदारी का संदेश दिया जा रहा है.

यह रणनीति समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले के सामने एक अलग राजनीतिक मॉडल पेश करती है… अखिलेश यादव जहां PDA के जरिए सामाजिक समीकरण बनाने की बात करते हैं… वहीं सामाजिक परिवर्तन मोर्चा दलित और मुस्लिम नेतृत्व को एक साथ मंच पर लाकर सत्ता में हिस्सेदारी का दावा कर रहा है.

ओवैसी के खिलाफ भी लगे पोस्टर

एक तरफ रमाबाई अंबेडकर मैदान में ओवैसी और चंद्रशेखर की संयुक्त रैली हो रही है… तो दूसरी तरफ लखनऊ के कुछ इलाकों में ओवैसी के विरोध में भी होर्डिंग लगाए गए हैं. इन होर्डिंग पर लिखा है ओवैसी साहब मुसलमानों पर रहम कीजिए. पोस्टरों के जरिए ओवैसी को हैदराबाद लौटने और दूसरे राज्यों में चुनाव नहीं लड़ने की नसीहत दी गई है. उनसे मुसलमानों को उनके हाल पर छोड़ने की अपील भी की गई है… यानी गठबंधन की रैली से पहले ही मुस्लिम वोटों को लेकर सियासी विरोध और समर्थन, दोनों तरह के संदेश सामने आ रहे हैं.
403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने गठबंधन के ऐलान के वक्त ही 2027 के चुनाव को लेकर अपना इरादा साफ कर दिया था. दोनों पार्टियों ने कहा था कि वे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी. चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया गया. ओवैसी ने कहा था कि गठबंधन का मकसद बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना है. दोनों नेताओं ने पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के मुद्दे उठाने की बात कही थी. शिक्षा की बदहाल स्थिति, युवाओं की बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को भी अपने एजेंडे में शामिल करने का दावा किया था. साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में साथ आने का न्योता दिया था.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply