IndiaUttar Pradesh

​बेटी का रेप करने वाले हैवान पिता को उम्रकैद, चाकू दिखाकर की थी दरिंदगी; कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के बरेली में बेटी के साथ रेप करने के दोषी पिता को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है. पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश नरेंद्र प्रकाश की अदालत ने आरोपी पर 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. इसमें से 20 हजार रुपये पीड़िता को देने का आदेश दिया गया है. अदालत ने अपने फैसले में कहा कि पिता का दायित्व अपनी संतान को सुरक्षित माहौल देना और उसकी गरिमा की रक्षा करना है, लेकिन आरोपी ने इसी पवित्र रिश्ते और जिम्मेदारी का दुरुपयोग किया.

​बेटी का रेप करने वाले हैवान पिता को उम्रकैद, चाकू दिखाकर की थी दरिंदगी; कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?

मामला वर्ष 2024 का है. बरेली के सुभाषनगर थाने में एक युवती ने अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि एक दिन वह घर में अकेली थी. इसी दौरान उसके पिता ने उसे चाकू दिखाकर डराया और उसके साथ रेप किया.

युवती ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि जब वह नाबालिग थी, तब भी उसके पिता ने कई बार उसके साथ गलत काम किया था. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया. मामले की जांच के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया.

सात गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर दोषी करार

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पीड़िता समेत कुल सात गवाहों को अदालत में पेश किया. गवाहों के बयान और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्य कोर्ट के सामने रखे गए. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी पिता को दोषी ठहराया.

फैसला सुनाते हुए विशेष न्यायाधीश नरेंद्र प्रकाश ने अपराध की गंभीरता पर टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि यह अपनी ही संतान के प्रति गंभीर विश्वासघात का मामला है. पिता से अपेक्षा की जाती है कि वह अपनी बेटी को सुरक्षित वातावरण दे और उसकी गरिमा की रक्षा करे. इसके उलट आरोपी ने अपने अधिकार और जिम्मेदारी का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ जघन्य अपराध किया.

कोर्ट ने कहा पीड़िता पर लंबे समय तक पड़ सकता है असर

अदालत ने कहा कि परिवार के भीतर इस तरह के अपराध समाज की नैतिक और पारिवारिक व्यवस्था को प्रभावित करते हैं. ऐसे अपराधों का पीड़िता के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ सकता है. इसका प्रभाव लंबे समय तक उसके जीवन में बना रह सकता है.

कोर्ट ने अपराध की प्रकृति, वारदात के तरीके और पीड़िता पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई. इसके साथ ही 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. इसमें से 20 हजार रुपये पीड़िता को देने का आदेश दिया गया.

अदालत ने अपने फैसले से स्पष्ट किया कि पारिवारिक रिश्तों की आड़ में किए गए यौन अपराधों को किसी भी सूरत में हल्के में नहीं लिया जा सकता. बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना परिवार और समाज की जिम्मेदारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply