अक्सर लोग अपनी जमा पूंजी को ऐसी जगह लगाना चाहते हैं, जहां पैसा सुरक्षित रहे और हर महीने हाथ में कुछ न कुछ रकम भी आती रहे. अगर आपके पास ₹5 लाख की एकमुश्त बचत है, तो पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम आपके काम आ सकती है. इस स्कीम की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें न तो शेयर बाजार की समझ की जरूरत है और न ही हर महीने किस्त भरने का झंझट. बस एक बार पैसा जमा करें और हर महीने ब्याज के रूप में पक्की कमाई पाएं.

हर महीने खाते में आएंगे ₹3,083
फिलहाल अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए पोस्ट ऑफिस MIS पर 7.4% सालाना ब्याज मिल रहा है. अगर आप इस स्कीम में ₹5 लाख एकमुश्त जमा करते हैं, तो इस ब्याज दर के हिसाब से हर महीने आपके खाते में ₹3,083 आएंगे. साल भर में ये रकम ₹37,000 हो जाती है. यानी बिना किसी भागदौड़ के घर बैठे हर महीने एक तय आमदनी शुरू हो जाएगी.
पांच साल में ₹6.85 लाख का पूरा हिसाब
ये स्कीम पांच साल के लिए होती है. अगर आप अपना खाता पूरे पांच साल तक चलाते हैं, तो हर महीने मिलने वाले ब्याज को जोड़कर कुल ₹1,85,000 की कमाई होगी. पांच साल पूरे होने यानी मैच्योरिटी पर आपके जमा किए गए ₹5 लाख भी आपको वापस मिल जाएंगे. इस तरह पांच साल में ब्याज और मूल रकम मिलाकर आपके हाथ में कुल ₹6,85,000 आएंगे.
किन लोगों के लिए बेस्ट है ये स्कीम?
पोस्ट ऑफिस की ये योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए मददगार है, जिन्हें अपनी बचत से हर महीने एक तय रकम चाहिए. रिटायरमेंट के बाद जो लोग पेंशन के अलावा अतिरिक्त कमाई चाहते हैं, वे इसका फायदा उठा सकते हैं. इसके अलावा ऐसे परिवार जिनके पास एकमुश्त पैसा पड़ा है और वे उससे घर का नियमित खर्च चलाना चाहते हैं, उनके लिए भी ये एक सुरक्षित रास्ता है.
निवेश की सीमा से लेकर खाता बंद करने के नियम
इस स्कीम में निवेश की एक सीमा तय की गई है. कोई भी व्यक्ति अपने नाम से सिंगल खाते में अधिकतम ₹9 लाख जमा कर सकता है. वहीं जॉइंट खाते में ये सीमा ₹15 लाख है. अगर बीच में पैसों की जरूरत पड़ जाए, तो खाता खुलवाने के एक साल के अंदर इसे बंद नहीं कराया जा सकता. एक साल बाद लेकिन तीन साल से पहले खाता बंद करने पर जमा रकम का 2% हिस्सा कटता है. वहीं तीन से पांच साल के बीच खाता बंद कराने पर 1% की कटौती होती है.



