कर्नाटक में भारतीय युवा कांग्रेस के एक नेता की शादी से कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई. हत्या का कारण व्यक्तिगत दुश्मनी बताया जा रहा है. पुलिस ने हत्या के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Satya Report: कर्नाटक में शादी से कुछ दिन पहले ही यूथ कांग्रेस के एक नेता की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान धारवाड़ निवासी फिरोज खान पठान के तौर पर हुई है. घटना को लेकर जारी जांच के बीच पुलिस ने बताया कि मृतक की हत्या का कारण मुख्य आरोपी मोहम्मद शाह के साथ लंबे समय से चली आ रही व्यक्तिगत दुश्मनी है. अधिकारियों के मुताबिक, हमले को लेकर पहले से ही प्लानिंग और तैयारी की गई थी. मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है.
निजी दुश्मनी के चलते की हत्या
गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान सैयदगौस, मोहम्मद शाह, समीर, सद्दाम हुसैन, परवेज, सोहेल खान, कैफ, अरबाज और मकतूम के रूप में हुई है. बता दें कि बीते 10 अप्रैल 2026 को धारवाड़ के हाश्मीनगर इलाके में हमलावरों का एक समूह पठान के घर पहुंचा. उन्होंने परिवार के सदस्यों के सामने उसकी बेरहमी से पिटाई की. हत्या को लेकर हुबली-धारवाड़ पुलिस कमिशनर एन शशिकुमार ने बताया कि जांच से संकेत मिलता है कि हत्या निजी दुश्मनी का नतीजा था और इसके लिए पहले से ही प्लानिंग की गई थी. उन्होंने कहा,’ फिरोज और मुख्य आरोपी मोहम्मद शाह के बीच पुरानी दुश्मनी थी. आरोपी काफी समय से फिरोज की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. यह सुनियोजित हमला लगता है, जिसे सावधानीपूर्वक निगरानी के बाद अंजाम दिया गया.’
धारदार हथियार से की हत्या
जांचकर्ताओं के मुताबिक समूह ने पठान पर उस समय हमला करने का फैसला लिया जब उनके घर पर कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था. 24 अप्रैल 2026 को उनकी शादी होने वाली थी. पठान के रिश्तेदार अक्सर उनके साथ शादी से जुड़े कामों के लिए बाहर जाते थे. अधिकारियों ने बताया कि घटना वाली रात 9-10 बजे के बीच पठान अपने घर के बाहर बैठे थे कि तभी आरोपियों में से एक ने उन पर हमला कर दिया. जब उन्होंने घर के अंदर भागने की कोशिश की तो उनका पीछा करते हुए उन्हें घर के अंदर ले जाया गया, जहां कई हमलावरों ने धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला किया. .
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद पठान की मां और बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की . उन्हें मामूली चोटें आईं. पठान को मारने के बाद हमलावर भाग गए. मामले को लेकर पुलिस कमिशनर एन शशिकुमार ने कहा कि CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयानों का विश्लेषण कर घटना के सीक्वेंस को रीकंस्ट्रक्ट किया जा रहा है. उन्होंने कहा,’ हम तकनीकी सबूतों और बयानों के आधार पर जांच कर रहे हैं. जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.’
)



