प्रतिबंधित गेमिंग एप का क्लोन बनाकर ठगी करने वाले एजेंटों को दुबई की ठग कंपनी थाईलैंड, गोवा, नेपाल की ट्रिप पर भेजती थी। तीन से चार दिनों की इस ट्रिप पर एजेंट जमकर मौज मस्ती करते थे।

प्रतिबंधित गेमिंग एप का क्लोन बनाकर ठगी करने वाले एजेंटों को दुबई की ठग कंपनी थाईलैंड, गोवा, नेपाल की ट्रिप पर भेजती थी। तीन से चार दिनों की इस ट्रिप पर एजेंट जमकर मौज मस्ती करते थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जेल भेजे गए एजेंट एक-एक लाख रुपये की शैंपेन खोलते थे। इसके साथ ही कैशीनों में भी रुपये उड़ाते थे। पुलिस को आरोपियों की अय्याशी से जुड़े कई साक्ष्य मिले हैं।
बर्रा पुलिस ने आनलाइन गेम लोटस 365, रेड्डी बुक, कार्तिकेय, दुबई ईएक्सएच जैसे प्रतिबंधित गेम के क्लोन बनाकर ठगी करने वाला गैंग दबोचा था। दुबई से संचालित इस गेम के कंट्रोलर नोएडा, हरियाणा और दिल्ली में बैठे हैं जो कानपुर में सक्रिय ब्रांच 24, 25 और 26 को कंट्रोल कर रहे थे। ब्रांच 24 के आठ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद दूसरी ब्रांच के एजेंट फोन बंद करके भूमिगत हो गए हैं।
यह लोग टेलीग्राम और रील पर गेम खेलने के लिए आइडी का लिंक भेजकर लोगों को फंसाते थे। जो ब्रांच अच्छा काम करती है, उसे ट्रिप पर भेजा जाता था। ठग कंपनी इन ब्रांच को एक करोड़ का टारगेट देती थी। एक माह में इस टारगेट को पूरा करने वाली ब्रांच-24 को दो माह पहले ट्रिप पर भेजा गया था। पुलिस के पास इस बात के साक्ष्य हैं कि आरोपियों ने एक-एक लाख रुपये कीमत की शैंपेन खोली, कैशीनों में जुआं खेला जिसमें लाखों रुपये उड़ा दिए।
मोहाली गई टीम, मिले से 5 अकाउंट
पुलिस के मुताबिक मोहाली में जीएसटी फर्म बनाकर 5 अकाउंट खोले गए थे। यह फर्म सही हैं या फिर फर्जी, इसका पता लगाने एक टीम मोहाली गई है। जीएसटी विभाग को भी रिपोर्ट बनाकर भेजी गई है ताकि फर्मों की हकीकत पता चल सके।
प्रदेश के एक और जिले में मिली ठग कंपनी की ब्रांच
बर्रा पुलिस के मुताबिक प्रदेश के एक और जिले में ठग कंपनी की ब्रांच काम कर रही है। पुलिस को डाटा मिला है जिसे रीड किया जा रहा है। कुछ चीजें अस्पष्ट हैं। पता लगाना मुश्किल हो रहा है ब्रांच का नंबर क्या है।
ठग कंपनी के बड़े एजेंट रडार पर
बर्रा पुलिस के मुताबिक ठग कंपनी के बड़े एजेंट नोएडा, दिल्ली और हरियाणा में बैठे हैं। यही लोग प्रदेश भर में इस नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं। प्रदेश में काम कर रही ठग कंपनी की ऐसी 74 ब्रांच अब तक सामने आ चुकी हैं। पुलिस के मुताबिक जल्द ही ठग कंपनी के बड़े एजेंटों की तलाश में टीम रवाना की जाएगी।