आज के दौर में कई लोग शरीर में आयरन की कमी से परेशान हैं, खासकर महिलाएं. इसकी कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे में सही खानपान अपनाना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं.

ऐसे में समय रहते इस पर ध्यान देना बेहद जरूरी होता है. आयरन शरीर में ऑक्सीजन के सर्कुलेशन के लिए जरूरी होता है, इसलिए इसकी कमी पूरे शरीर की क्षमता को प्रभावित कर सकती है. इस स्थिति में खानपान का सही होना बहुत अहम भूमिका निभाता है, क्योंकि डाइट के जरिए ही आयरन की कमी को पूरा किया जा सकता है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं कि शरीर में आयरन बढ़ाने के लिए क्या खाएं.
लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि शरीर में आयरन की कमी को पूरा करने के लिए डाइट में आयरन से भरपूर चीजों को शामिल करना जरूरी है. हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी और सरसों का साग आयरन का अच्छा सोर्स माना जाता हैं. इसके अलावा चुकंदर, अनार, खजूर और किशमिश जैसे फल और ड्राई फ्रूट्स भी हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करते हैं.
शारीर में आयरन के एब्जॉर्पशन को कैसे बढ़ाए?
सिर्फ आयरन युक्त चीजें खाना ही काफी नहीं होता, बल्कि शरीर में उसका सही तरीके से एब्जॉर्पशन होना भी जरूरी है. इसके लिए विटामिन सी से भरपूर चीजों का सेवन करना फायदेमंद होता है, जैसे नींबू, संतरा और आंवला. ये आयरन के एब्जॉर्पशन को बढ़ाने में मदद करते हैं.
साथ ही, आयरन युक्त भोजन के साथ चाय या कॉफी का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह आयरन के अवशोषण को कम कर सकता है. सही समय और सही संयोजन में भोजन लेना आयरन के स्तर को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है.
ये भी जरूरी
आयरन की कमी को दूर करने के लिए सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल का ध्यान रखना भी जरूरी है. समय पर भोजन करना, पर्याप्त नींद लेना और शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है. अगर आयरन की कमी ज्यादा हो, तो डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट भी लिया जा सकता है.
साथ ही नियमित जांच करवाना जरूरी है, ताकि शरीर में आयरन के स्तर पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर सही कदम उठाए जा सकें.