OpenAI की हाल ही में एक नई स्टडी के अनुसार, भारत AI अपनाने में आगे है. भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते AI इकोसिस्टम में से एक है, जिसमें दिल्ली-NCR ChatGPT के इस्तेमाल में टॉप पर है. आइए आपको बताते हैं कि किस राज्य के लोग किस काम के लिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल कर रहे हैं?

कंपनी का कहना है कि भारतीय यूजर्स कोडिंग और डेटा एनालिसिस, दोनों के इस्तेमाल में ही सबसे आगे हैं और ये एडवांस AI टूल्स के साथ उनके मजबूत जुड़ाव को दर्शाता है. Open AI ने बताया कि भारत में AI इस्तेमाल करने वाले कुल लोगों में से लगभग 50 प्रतिशत लोग टॉप 10 शहरों में रहते हैं, इनमें दिल्ली-NCR सबसे आगे है. जहां देश में Chat GPT का इस्तेमाल करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि प्रमुख शहरों से परे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे रोजमर्रा के क्षेत्रों में भी AI को भी अपनाया जा रहा है.
एजुकेशन और हेल्थ से जुड़े सवाल भी पूछते हैं लोग
शिक्षा और सीखने के क्षेत्र में, पूर्वी राज्य खास तौर पर मजबूत भागीदारी दिखा रहे हैं. Open AI ने असम का उदाहरण दिया, जहां चैटजीपीटी को मिले सभी मैसेज में 22 प्रतिशत शिक्षा और सीखने से जुड़े हैं जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. ओडिशा, मणिपुर, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिला है. स्वास्थ्य और सेहत के मामले में, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और केरल जैसे क्षेत्रों में ज्यादा भागीदारी देखने को मिलती है. जम्मू-कश्मीर में, लगभग हर 10 में से चैटजीपीटी को मिला 1 मैसेज स्वास्थ्य से जुड़ा होता है.