मधुबनी जिले के ललमनियां में एक ईंट भट्ठे पर आधी रात को मियां-बीवी झगड़ गए। उनका झगड़ा शांत कराने गई एक महिला की पत्नी से झगड़ रहे शख्स ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका और आरोपी दोनों आपस में रिश्तेदार थे।

मियां-बीवी के बीच झगड़ा शांत कराना एक महिला को भारी पड़ गया। झगड़ रहे पति ने गुस्से में झगड़ा छुड़ाने आए अपनी रिश्तेदार की ही हत्या कर दी। मामला बिहार के मधुबनी जिले के ललमनियां थाना क्षेत्र की है। मुनहरा नदी के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे पर बुधवार देर रात पति-पत्नी किसी बात पर आपस में झगड़ने लग गए। इसी दौरान उनकी एक रिश्तेदार झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने गई। तभी पत्नी से झगड़ रहे पति ने चाकू मारकर उसका खून कर दिया।
मृतक महिला की पहचान मरजीना बीबी के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 40 साल थी। वह पश्चिम बंगाल के सिताय थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह अपने पति मजिदूल रहमान के साथ ही यहां पर रहकर काम करती थी।
जानकारी के अनुसार, मुनहरा नदी के पास स्थित ईंट भट्ठे पर मजीरुल हक नाम का शख्स आधी रात को अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। शोरगुल होने पर मरजीना वहां पहुंची। उसका पति मजिदूल भी उसके साथ था। फिर मरजीना ने आपस में झगड़ रहे मजीरूल और उसकी बीवी को समझाने की कोशिश की।
मरजीना मियां-बीवी के बीच-बचाव करने लगी तो पत्नी से झगड़ा कर रहा मजीरूल भड़क गया। वह गुस्से में रसोई घर में गया। वहां से चाकू लेकर आया और आव देखा ना ताव मरजीना के सीने में घोंप दिया।
चाकू लगने से मरजीना गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके शरीर से खून बहने लगा। आनन-फानन में उसे तुरंत पीपराही के एक अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना रात करीब डेढ़ बजे हुई। पुलिस को देर रात करीब 3 बजे सूचना मिली। इसके बाद ललमनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। उसे गिरप्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जिसे मारा वो भतीजे की बीवी थी
बताया जा रहा है कि आरोपी ने जिस महिला की हत्या की, वो उसके रिश्ते के भतीजे की बीवी थी। आरोपी मजीरूल और मृतका मरजीना दोनों आपस में रिश्तेदार थे। दोनों पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। इस घटना से मृतका का पति स्तब्ध है।
ललमनियां थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है।