CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

एमपी पुलिस थी पीछे, तस्करों की कार पलटी, निकल भागे तो कुएं में गिरे, 3 की मौत

मध्य प्रदेश के शहडोल में एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया है। पुलिस से बचकर भाग रहे गांजा तस्करों की कार पलट गई, जिससे तीन बदमाश पास के कुएं में गिर गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन से 6 किलो गांजा बरामद किया है।
एमपी पुलिस थी पीछे, तस्करों की कार पलटी, निकल भागे तो कुएं में गिरे, 3 की मौत

Satya Report: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोमवार देर रात पुलिस गश्त के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिस की टीम को देखकर कथित गांजा तस्करों की एक तेज रफ्तार क्रेटा कार भागने के दौरान बेकाबू होकर पलट गई। पुलिस से बचने की कोशिश में गाड़ी में सवार छह बदमाश गेट खोलकर निकले और भागने लगे। इनमें से 3 पास के एक कुएं में गिर गए। पुलिस ने मंगलवार को सुबह कुएं से तीन लाशें बरामद कीं। कार से 6 किलो गांजा जब्त किया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

कार की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पीछा

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात जैतपुर थाना क्षेत्र में तैनात आरक्षक कृष्णेंद्र यादव और पुलिस टीम को कामता तिराहे से तेज रफ्तार में गुजर रही एक क्रेटा कार की गतिविधि संदिग्ध लगी। पुलिस को देखते ही कार सवारों ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी जिसे देखकर जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और पीछा करना शुरू किया। तेज रफ्तार होने के कारण कार कामता कॉलेज तिराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें कुल 6 लोग सवार थे।

कुएं से निकाली गईं लाशें

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद कार सवार उतरकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया लेकिन कुछ दूर आगे अंधेरे में आरोपी गायब हो गए। माना जा रहा है कि इनमें से तीन कुएं में गिर गए। चूंकि रात का समय था इसलिए घटना के बाद डायल 112 की टीम भी वापस आ गई। पुलिस की एक टीम मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची। फिर तीनों की लाशें कुएं से बाहर निकाली गईं। मृतकों की पहचान शहडोल निवासी तनुज शुक्ला, बुढ़ार निवासी सचिन सिंह बघेल और बुढ़ार के टिकुरीटोला निवासी रोहित शर्मा के रूप में हुई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply