उत्तर प्रदेश के बहराइच की घटना है. देवर ने भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हैं और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

Satya Report: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां पैसों के विवाद में सगे देवर ने अपनी भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि देवर ने पहले भाभी के हाथ-पैर बांधे और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पति की मौत के बाद मिला था बीमा पैसा
मृतका आरती (35) के पति की करीब एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी. हाल ही में उसे पति के दुर्घटना बीमा का पैसा मिला था. आरोप है कि इसी रकम को लेकर उसका देवर दिनेश लगातार उस पर दबाव बना रहा था. वह बार-बार पैसों की मांग कर रहा था. .
परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात आरती किसी रिश्तेदारी में जाने की तैयारी कर रही थी. उसी दौरान आरोपी दिनेश घर पहुंचा और फिर से पैसों की मांग करने लगा. जब आरती ने पैसे देने से इनकार किया, तो वह गुस्से में आ गया. आरोप है कि उसने पहले आरती के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और फिर पास में रखी कुल्हाड़ी से उस पर कई वार किए. हमले में आरती की मौके पर ही मौत हो गई.
जमीन और पैसों के विवाद की बात
मृतका के भाई ओंकार यादव ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पैसों और जमीन के विवाद के चलते की गई है. उनका कहना है कि आरोपी दिनेश उनकी बहन के हिस्से की जमीन और बीमा की रकम पर कब्जा करना चाहता था. इसी लालच में उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा



